बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार: 50 हजार रुपये रिश्वत लेते JE राजेश कुमार प्रजापति गिरफ्तार
बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने कैमूर जिले के नगर पंचायत मोहनिया के कनीय अभियंता राजेश कुमार प्रजापति को 50,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पांच कार्यों के भुगतान और मापी पुस्तिका के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शनिवार को कैमूर जिले के नगर पंचायत मोहनिया के कनीय अभियंता (JE) राजेश कुमार प्रजापति को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई परिवादी संजय कुमार की शिकायत के बाद की गई है।
पांच कार्यों के भुगतान और मापी पुस्तिका के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता संजय कुमार (निवासी भभुआ वार्ड नंबर-3, जिला कैमूर) के मुताबिक, उनकी माता श्रीमती मालती देवी नगर पंचायत मोहनिया में संवेदिका हैं। उन्होंने बताया कि उनकी माता के जिम्मे नगर पंचायत से आवंटित छह कार्यों में से पांच कार्य पूरे हो चुके हैं। आरोप है कि पहले पूरे हो चुके पांच कार्यों के भुगतान और शेष एक कार्य की मापी पुस्तिका के एवज में कनीय अभियंता राजेश कुमार प्रजापति द्वारा कुल 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
सत्यापन के बाद SVU थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
परिवादी की शिकायत मिलने पर विशेष निगरानी इकाई ने पहले मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी कनीय अभियंता द्वारा 50 हजार रुपये रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी राजेश कुमार प्रजापति के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-28/2026 (दिनांक 21.11.2026) के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
चकमा देने के लिए दूसरे संवेदक के जरिए स्वीकार की जा रही थी रकम
प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में एक धावा-दल का गठन किया गया। जाल बिछाकर की गई इस कार्रवाई में आरोपी कनीय अभियंता राजेश कुमार प्रजापति को 50,000 रुपये की रिश्वत मांगने तथा चकमा देने की नीयत से घटनास्थल पर मौजूद दूसरे संवेदक दीपक कुमार राम (निवासी ओझौलिया, थाना कुदरा, जिला कैमूर) के माध्यम से राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और अनुसंधान जारी
आरोपी कनीय अभियंता को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। विशेष निगरानी इकाई द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट