KAIMUR NEWS : कैमूर पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 31 लाख की हेरोइन किया बरामद, अपाचे बाइक के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

KAIMUR NEWS : कैमूर पुलिस ने 155.75 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई जा रही है।

31 लाख की हेरोइन बरामद - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : कैमूर पुलिस को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोहनिया थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक टीवीएस अपाचे बाइक सवार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 155.75 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई जा रही है। 

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को क्षेत्र में नशे की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना मोड़ से उगहनिडीह जाने वाली सड़क पर हनुमान मंदिर के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान एक संदिग्ध टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल सवार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 155.75 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सप्लायर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बरेज गांव (थाना मोहनियां) निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ वीरू (पिता स्व. सूर्यनाथ सिंह) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (UP 65 CP 0798) और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है।

देवब्रत की रिपोर्ट