Bihar Love Affair: इश्क का ड्रामा या साजिश? दो महीने का प्यार, शादी से मुकरा आशिक तो थाने में लगी मुहब्बत की अदालत, मंदिर में हुआ ब्याह

Bihar Love Affair: बिहार में इश्क़ की एक ऐसी कहानी सामने आई, जिसने प्यार, इंकार और पुलिस की दख़लअंदाज़ी को एक ही किस्से में समेट दिया। ...

शादी से मुकरा आशिक तो थाने में लगी मुहब्बत की अदालत- फोटो : reporter

Bihar Love Affair:  बिहार  में इश्क़ की एक ऐसी कहानी सामने आई, जिसने प्यार, इंकार और पुलिस की दख़लअंदाज़ी को एक ही किस्से में समेट दिया। महज़ दो महीने पहले शुरू हुआ एक प्रेम प्रसंग अचानक विवाद और हंगामे की शक्ल ले बैठा, जब आशिक़ ने अपनी माशूक़ा से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आहत युवती इंसाफ़ की गुहार लेकर सीधे मोहनिया थाने पहुंच गई, जहां पुलिस ने इस पूरे मामले में दख़ल देकर सुलह-सफाई की राह निकाली।

मिली जानकारी के मुताबिक के कैमूर जिले के मोहनिया के  युवक और युवती की मुलाकात करीब दो महीने पहले हुई थी। शुरुआत में बातचीत और दोस्ती का सिलसिला चला, जो धीरे-धीरे इश्क़ की दास्तान में तब्दील हो गया। मुलाकातें बढ़ीं, वादे हुए और रिश्ते को अंजाम तक पहुंचाने की बातें भी होने लगीं। लेकिन जब युवती ने शादी की बात को अमली जामा पहनाने का दबाव बनाया, तो युवक अचानक अपने वादे से मुकर गया।

आशिक़ के इस इंकार से नाराज़ और मायूस युवती सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से इंसाफ़ की गुहार लगाई। मामला संवेदनशील देखते हुए पुलिस ने फौरन दोनों पक्षों को थाने तलब किया। इसके बाद थाने के अंदर ही मानो एक तरह की ‘मुहब्बत की पंचायत’ बैठ गई, जहां दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत और समझौते की कोशिशें होती रहीं।

काफी देर तक चली बहस और समझाइश के बाद आखिरकार युवक का दिल पसीज गया और वह शादी के लिए राज़ी हो गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों को पास के एक मंदिर ले जाया गया, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ उनका विवाह करा दिया गया।

इस दौरान दोनों परिवारों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग भी गवाह बने। शादी के बाद पुलिस ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आपसी भरोसे, समझदारी और जिम्मेदारी के साथ जीवन बिताने की नसीहत दी।

मोहनिया में हुई यह अनोखी थाना से मंदिर तक की शादी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां इश्क़ की तकरार का फैसला आखिरकार सात फेरों के साथ खत्म हुआ।

रिपोर्ट-देव तिवारी