मादक पदार्थ के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर को दबोचा

कैमूर पुलिस ने जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को भारी मात्रा मे हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। महिला के पास से बरामद हेरोइन की बाजार मे कीमत तकरीबन 4 लाख रुपये बताई जा रही है....

4 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर को दबोचा- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। भभुआ थाना पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर सिकठी गांव में एक संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी कर हेरोइन की तस्करी में संलिप्त एक महिला तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।


77.82 ग्राम हेरोइन और 109 पुड़िया बरामद

पुलिस द्वारा की गई सघन तलाशी के दौरान गिरफ्तार महिला तस्कर के पास से कुल 77.82 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस नशीले पदार्थ को ग्राहकों तक पहुँचाने के लिए 109 अलग-अलग छोटी पुड़ियों में छिपाकर रखा गया था।


नकदी, मोबाइल और अन्य सामान जब्त, फरार युवकों की तलाश

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हेरोइन के अलावा एक लाख पच्चीस हजार छह सौ सत्तर रुपये (₹1,25,670) नकद, तीन मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी जब्त किया है। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद कुछ युवक फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया।


पूछताछ में रामगढ़ से जुड़े तार का हुआ खुलासा

पकड़ी गई महिला तस्कर की पहचान सिकठी गांव निवासी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने यह स्वीकार किया है कि वह रामगढ़ क्षेत्र से हेरोइन की खेप लेकर आती थी और यहाँ छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उसकी अवैध बिक्री करती थी।


नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस, अन्य आरोपियों पर कसेगा शिकंजा

भभुआ थाना पुलिस अब इस अवैध तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में पूरी तरह जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर फरार चल रहे युवकों और इस कारोबार से जुड़े अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


देवव्रत की रिपोर्ट