Bihar News : कैमूर पहुँचे प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर, मोहनिया में 'पंचायत विकास दिवस' शिविर में लिया हिस्सा, गिनाईं सरकार की योजनाएं

संजय सिंह टाइगर पहुंचे कैमूर - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री सह कैमूर जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर रविवार को कैमूर पहुँचे, जहाँ उन्होंने मोहनिया में आयोजित 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे धरातल पर उतारने और ग्रामीणों को उनका हक दिलाने के लिए सरकार अब गाँव-गाँव और पंचायत-पंचायत जाकर विशेष शिविरों का आयोजन कर रही है, ताकि आम लोगों को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि बिहार पंचायती राज विभाग द्वारा शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी 'पंचायत विकास दिवस' योजना बेहद प्रभावी साबित हो रही है। इस योजना के तहत अब राज्य की प्रत्येक पंचायत में महीने के तीसरे रविवार को विशेष शिविर लगाया जाना सुनिश्चित किया गया है। मोहनिया में आयोजित आज के इस कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए पहुँचे थे।

'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम से इतर, पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने हालिया चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले पर भी सरकार का रुख साफ किया। उन्होंने इस संवेदनशील मामले पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता से जांच के लिए पटना हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज को नियुक्त किया गया है। रिटायर्ड जज की देखरेख में मामले की सघन जांच चल रही है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट सामने आएगी, जिसके बाद जो भी अधिकारी या पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी के मामले पर भी विधि मंत्री ने सरकार की तरफ से सफाई दी। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल यानी एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जो मामले के हर पहलू को खंगाल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी दोषी कानून की गिरफ्त में होंगे।

वहीं, बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर कि 'राम मंदिर में चंदा चोरी हो रही है और यूपी व केंद्र सरकार मौन है', मंत्री संजय सिंह टाइगर ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि माननीय सांसद सुधाकर सिंह और राहुल गांधी के महज आरोप लगाने से कुछ साबित नहीं होता। प्रभु श्रीराम से देश के करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है, इसलिए विपक्ष के बेवजह हल्ला करने का कोई मतलब नहीं है; जांच रिपोर्ट आते ही सब साफ हो जाएगा।

देवब्रत की रिपोर्ट