Bihar News : कैमूर में दिव्यांश फार्मा पर औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने की छापेमारी, जांच के लिए ली दवाओं की सैम्पल
Bihar News : मोहनिया में नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने शहर स्थित दिव्यांश फार्मा पर छापेमारी की है।
KAIMUR : जिले के मोहनिया में नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने शहर के दिव्यांश फार्मा पर औचक छापेमारी की है। यह कार्रवाई यूपी में पहले से चल रही नकली दवाओं की जांच की कड़ी के रूप में की गई। अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के वाराणसी और चंदौली क्षेत्र से अभिषेक सिंह नामक एक संदिग्ध व्यक्ति नकली दवाओं की खेप लेकर भभुआ आया था।
यूपी के औषधि निरीक्षक के मुताबिक, अभिषेक सिंह नकली दवाओं के मामले में तीन साल पहले भी पकड़ा जा चुका है। पुलिस टीम उसका पीछा करते हुए और उसे ट्रेस करते हुए दिव्यांश फार्मा तक पहुंची थी, जहां से वह पूरे जिले में दवाओं की सप्लाई करता था। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देखा गया कि सामने से यूपी पुलिस की गाड़ी आते देख दुकान संचालक ने अभिषेक सिंह को वहां से भगा दिया। मौके से 'सेफू 500' नामक दवा बरामद हुई है, जिसे कथित तौर पर उसी हॉकर से बिना किसी वैध बिल या अधिकृत डीलर के खरीदा गया था।
ड्रग इंस्पेक्टर किरन कुमारी और अभिषेक चौहान ने बताया कि दुकान में मौजूद सात से आठ अन्य दवाओं के बिलों का भी सत्यापन किया जा रहा है। जिन दवाओं के पक्के बिल उपलब्ध नहीं हैं, उनके सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। फार्मा संचालक को सप्लायर से संबंधित वैध दस्तावेज और बिल प्रस्तुत करने के लिए दो से तीन दिनों का समय दिया गया है।
निर्धारित समय सीमा के भीतर वैध कागजात पेश न करने पर दुकान का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, दोषियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त न्यायिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार सप्लायर की तलाश में जुटी है।
देवब्रत की रिपोर्ट