Bihar Road Accident: NH-19 पर आधी रात बड़ा हादसा, तीन ट्रेलर आपस में भिड़े, केबिन में फंसा चालक, स्थानीय लोगों ने एक घंटे की मशक्कत से बचाई जान

Bihar Road Accident: पटना मोड़ के समीप सासाराम से मोहनिया की ओर जा रहे तीन ट्रेलर एक के बाद एक आपस में टकरा गए।......

तीन ट्रेलर आपस में भिड़े- फोटो : reporter

Kaimur: जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पटना मोड़ के समीप सासाराम से मोहनिया की ओर जा रहे तीन ट्रेलर एक के बाद एक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सबसे पीछे चल रहे बालू लदे ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना होते ही आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए घायल चालक को बचाने में जुट गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी बीच सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

घायल चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से तत्काल मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरैथा गांव निवासी राजमणि के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है। अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित तिवारी ने बताया कि चालक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए उसे हायर सेंटर भेजा गया है।

हादसे के बाद एनएच-19 पर यातायात प्रभावित होने लगा। हालांकि एनएचएआई की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक-एक लेन से वाहनों का परिचालन जारी रखा, जिससे लंबा जाम नहीं लग सका। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद सबसे आगे चल रहे ट्रेलर का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि बाकी दो क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी नहीं बनाए रखना माना जा रहा है।

रिपोर्ट- देवव्रत तिवारी