शराब छापेमारी के विरोध में ग्रामीणों ने जाम किया कुदरा-परसथुआ पथ, तीन घंटे तक ठप रहा आवागमन

कैमूर जिले में शराब छापेमारी के विरोध में कथराई मोड़ पर महिलाओं व युवाओं ने किया प्रदर्शन। प्रदर्शन कर रहे लोगो ने पुलिस पर निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगा वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे.....

शराब छापेमारी के विरोध में ग्रामीणों ने जाम किया सड़क- फोटो : देवव्रत

Kaimoor :  जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के कथराई मोड़ के समीप शराब छापेमारी को लेकर नाराज ग्रामीणों ने कुदरा-परसथुआ मुख्य पथ को जाम कर दिया। पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों का यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चला। सड़क जाम के कारण इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


सड़क जाम में ट्रक, ट्रैक्टर, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और स्कूल वैन सहित कई छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। इस दौरान स्कूली बच्चों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल थे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि शराब छापेमारी के नाम पर पुलिस आए दिन गांव में पहुंचकर निर्दोष लोगों को परेशान और प्रताड़ित कर रही है।

आक्रोशित ग्रामीण मौके पर वरीय पुलिस पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक कोई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनता और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं देता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।


वहीं, मामले में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि सुबह शराब तस्करी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था। उन्होंने बताया कि मामले का आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


फिलहाल, पुलिस प्रशासन की पहल के बाद कुदरा-परसथुआ मुख्य पथ पर आवागमन सामान्य हो गया है। हालांकि, शराब छापेमारी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों के बीच समन्वय बनाए रखने की जरूरत को उजागर किया है।


देवव्रत की रिपोर्ट