मोहनिया में महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर तीन लाख के जेवर लूटे; पानी मंगाने के बहाने अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
Kaimoor : जिले के मोहनिया नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या सात (महावीर श्वेत मंदिर के पास) में एक सनसनीखेज लूटपाट का मामला सामने आया है। यहाँ अज्ञात अपराधियों ने एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता रीता देवी (पति स्वर्गीय विनोद तिवारी), जो महावीर कटरा में रहती हैं और कपड़े की दुकान चलाती हैं, उन्होंने इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्यास बुझाने का बहाना और फिर वारदात: शातिराना अंदाज में ठगा
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रीता देवी सुबह स्टूअरगंज बाजार से सब्जी खरीदकर वापस अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह महावीर कटरा के गेट के पास पहुंचीं, वहाँ पहले से घात लगाए बैठे दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। अपराधियों ने कहा कि वे बहुत दूर से आ रहे हैं और उन्हें बहुत तेज प्यास लगी है। महिला ने जब मानवता के नाते अपने घर से पानी लाकर देने की बात कही, तो अपराधियों ने चालाकी दिखाते हुए उन्हें पास की दुकान से बोतल बंद पानी खरीदकर देने को कहा। इसी बातचीत के बीच एक अन्य अपराधी ने महिला के चेहरे के पास नशीला पदार्थ लगा रुमाल झटक दिया, जिसके प्रभाव से महिला तुरंत अचेत (बेहोश) हो गईं।
ढाई से तीन लाख के आभूषण गायब: होश आने पर लगा गहरा सदमा
कुछ देर बाद जब पीड़िता को होश आया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अपराधियों ने अचेतावस्था में उनके शरीर से सारे कीमती गहने गायब कर दिए थे। महिला के गले से करीब एक भर (10 ग्राम) की सोने की चेन, कान से करीब आधा भर के सोने के टॉप्स और हाथ की उंगली से सोने की एक अंगूठी गायब थी। बाजार में इन चोरी गए कुल आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये आंकी जा रही है।
परिजनों ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे: सुराग की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित महिला के पुत्र पारिजात कुमार ने बताया कि घटना के बाद उनकी मां किसी तरह लड़खड़ाते हुए घर पहुंचीं और परिजनों को इस खौफनाक आपबीती की जानकारी दी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अपने स्तर से कटरा के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक भागते हुए नजर आ रहे हैं। परिजनों ने इन फुटेज के साथ पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है ताकि टाउन एरिया के अन्य कैमरों की मदद से अपराधियों की जल्द शिनाख्त की जा सके।
थानाध्यक्ष का बयान
इस संबंध में मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
देवव्रत की रिपोर्ट