Bihar Crime: शराब तस्करी का काला खेल बेनकाब, हादसे की आड़ में खुली साज़िश, तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime:बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच तस्करी का ज़हर किस कदर रगों में दौड़ रहा है, इसका सनसनीखेज़ खुलासा हो गया है।

शराब कारोबार का काला खेल - फोटो : SHYAM

KATIHAR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच तस्करी का ज़हर किस कदर रगों में दौड़ रहा है, इसका सनसनीखेज़ खुलासा बिहार–बंगाल सीमा के लाभा पुल के पास हुए एक सड़क हादसे से हो गया। विदेशी शराब से लदे एक ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया और इसी टक्कर ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर से पर्दा उठा दिया। हादसे में टूनी देवी, पंचमनी देवी और प्रियम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को आनन-फानन में कटिहार के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर छिटक गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेरकर रोका और तलाशी ली, तो हर कोई दंग रह गया। ट्रक के अंदर विदेशी शराब की भारी खेप छिपाकर रखी गई थी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची। पहले कुछ देर तक सीमा विवाद को लेकर असमंजस रहा, लेकिन बाद में अधिकार क्षेत्र स्पष्ट होने पर रोशना थाना पुलिस ने कार्रवाई अपने हाथ में ले ली।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 4844 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार चालक की पहचान मालदा (पश्चिम बंगाल) निवासी प्रवीण दास के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि शराब की यह खेप बेगूसराय पहुंचाई जानी थी, जहां इसे खपाने की पूरी तैयारी थी।

मामले को लेकर एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है और उससे सघन पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टेक्निकल टीम इस शराब तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई और किन-किन ठिकानों पर पहुंचनी थी। इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर शराबबंदी के बावजूद सीमावर्ती इलाकों से तस्करी का यह धंधा कैसे फल-फूल रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस काले कारोबार से जुड़े बड़े चेहरों पर से भी नकाब हटाया जाएगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह