Bihar News: पूर्व बीडीओ व समाजसेवी रामनाथ चौधरी को आज श्रद्धांजलि देंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खगड़िया में शोक-संवेदना सभा में होंगे शामिल
Bihar News: खगड़िया के प्रतिष्ठित समाजसेवी और बिहार प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी रामनाथ चौधरी के निधन से जिले सहित पूरे बिहार में शोक की लहर है।
Bihar News: खगड़िया के प्रतिष्ठित समाजसेवी और बिहार प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी रामनाथ चौधरी के निधन से जिले सहित पूरे बिहार में शोक की लहर है। जनसेवा, ईमानदारी और सादगी की मिसाल रहे पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रामनाथ चौधरी का 27 जून को 87 वर्ष की आयु में पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद प्रशासनिक, सामाजिक और मीडिया जगत ने एक अनुभवी, कर्मठ और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया।
मूल रूप से खगड़िया सदर प्रखंड के रहीमपुर गांव निवासी रामनाथ चौधरी ने बिहार प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। वे सहारसा जिले के सलखुआ प्रखंड से बीडीओ पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने पूरे कार्यकाल में वे निष्पक्ष प्रशासन, ईमानदार कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई और खगड़िया शहर स्थित अपने आवास से समाजसेवा का सिलसिला जारी रखा।
रामनाथ चौधरी वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार (दैनिक जागरण), रजनीश चंद्र (ईटीवी भारत) और नीतीश चंद्र (इंडिया टीवी, बिहार ब्यूरो चीफ) के पिता थे। 28 जून को रहीमपुर स्थित गंगा तट पर वैदिक रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके बड़े पुत्र मनीष कुमार ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज खगड़िया पहुंचकर दिवंगत रामनाथ चौधरी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वे एनएच-31 स्थित गोल्डेन रिजॉर्ट में आयोजित शोक-संवेदना सभा में शामिल होंगे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रामनाथ चौधरी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकार संगठनों और समाजसेवियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया है तथा दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
रिपोर्ट- अमित कुमार