Bihar Teacher News : शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों को दी बड़ी राहत, गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनिंग को लेकर जारी किया आदेश....
बिहार में शिक्षकों को मानसिक पीड़ा देने वाला आदेश शिक्षा मंत्री ने वापस ले लिया है. उन्होंने साफ़ तौर पर कहा की अब छुट्टी पर गए शिक्षकों पर कार्रवाई नहीं होगी....जानिए पूरा मामला
KHAGARIA : बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने खगड़िया दौरे के दौरान शिक्षकों के हित में एक बेहद महत्वपूर्ण और राहत भरा बयान दिया है। उन्होंने गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित होने वाले शिक्षक प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) को लेकर शिक्षा विभाग के हालिया फैसले पर पूरी स्थिति स्पष्ट की। शिक्षा मंत्री ने माना कि छुट्टियों के दिनों में शिक्षकों को अनिवार्य रूप से ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए जारी किया गया पत्र शिक्षकों को मानसिक पीड़ा देने वाला था, जिसे विभाग ने अब पूरी तरह से संशोधित कर दिया है।
इच्छा पर निर्भर करेगी ट्रेनिंग, मिलेगा 5 दिनों का अतिरिक्त अवकाश
शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब छुट्टियों के दौरान ट्रेनिंग करने का फैसला पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा। जो शिक्षक स्वेच्छा से इस अवधि में प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, वे ट्रेनिंग का हिस्सा बन सकते हैं और इसके बदले विभाग उन्हें आगे पांच दिनों का अतिरिक्त अवकाश (लीव) प्रदान करेगा। इसके साथ ही उन्होंने उन शिक्षकों की चिंता भी दूर की जो छुट्टियों में बाहर हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो शिक्षक गर्मी की छुट्टी मनाने अपने घर या बाहर चले गए हैं और ट्रेनिंग में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, उनके खिलाफ विभाग की ओर से किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
छुट्टियों के बाद मिशन मोड में पढ़ाएं शिक्षक
राहत देने के साथ-साथ शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों से एक खास अपील भी की। उन्होंने कहा कि जैसे ही गर्मी की छुट्टियां समाप्त हों और विद्यालय दोबारा खुलें, सभी शिक्षक पूरी ऊर्जा के साथ 'मिशन मोड' में आ जाएं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई और स्कूलों की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक बेहतर व गुणवत्तापूर्ण बनाने में पूरी ईमानदारी से जुट जाने का आह्वान किया, ताकि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा दी जा सके।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर साधा तीखा निशाना
खगड़िया दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने केवल शिक्षा विभाग पर ही बात नहीं की, बल्कि उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भी राजनीतिक हमला बोला। सरकारी आवास खाली करने के विवाद पर तीखा तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "क्या राबड़ी देवी सरकारी आवास पर कब्जा कर उसकी रजिस्ट्री अपने नाम कराना चाहती हैं?" उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि उस पार्टी के लोगों की पुरानी आदत रही है कि वे जमीन, मकान और दुकानों पर कब्जा करते हैं। लेकिन यह नियम सम्मत व्यवस्था है और उन्हें हर हाल में सरकारी आवास खाली करना ही पड़ेगा।
सर्किट हाउस में एनडीए कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
इससे पहले, खगड़िया के सर्किट हाउस पहुंचने पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने भी बुके देकर मंत्री की अगवानी की। इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के समर्थक, पदाधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने शिक्षा मंत्री के इस शिक्षक-हितैषी फैसले की सराहना की।
अमित की रिपोर्ट