Bihar News : बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़, खगड़िया पुलिस ने 15 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार पुलिस की रेडियो ऑपरेटर प्रतियोगिता परीक्षा में कदाचार और सॉल्वर गैंग के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने के बड़े रैकेट का खगड़िया पुलिस ने खुलासा किया है.....पढ़िए आगे

सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़- फोटो : AMIT

KHAGADIA : बिहार पुलिस की रेडियो ऑपरेटर प्रतियोगिता परीक्षा में सेंधमारी करने वाले एक बड़े रैकेट का खगड़िया पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सॉल्वर गैंग और कदाचार के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने की साजिश रचने वाले कुल 15 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई के संबंध में खगड़िया थाना में कांड संख्या-126/26, दिनांक 28.06.2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस हाई-प्रोफाइल रैकेट का खुलासा तब हुआ जब खगड़िया डीआईयू शाखा को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग परीक्षा केंद्रों को प्रभावित कर और सॉल्वर गैंग के जरिए अवैध तरीके से अभ्यर्थियों को पास कराने की बड़ी साजिश रच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 एवं पुलिस उपाधीक्षक साइबर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी और मौके से गिरोह के 15 सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले 09 मोबाइल फोन, 07 बैंक चेक, 09 एटीएम कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज और पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड आदि) बरामद किए हैं। इसके साथ ही गिरोह द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली दो लग्जरी चारपहिया गाड़ियां (अर्टिगा और किया) तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में भोजपुर जिले के उदय कुमार, मनीष कुमार, विक कुमार और संजीव कुमार पाण्डेय; खगड़िया जिले के अमित कुमार, सुजीत कुमार वर्मा, प्रवीण कुमार उर्फ निहु, अरविंद कुमार, प्रमोद कुमार और ब्रजेश कुमार; पटना का बबलू कुमार; वैशाली का शैलेश कुमार सिंह; नवादा का मनीष कुमार तथा अरवल जिले के सैलेश कुमार और सचिन शेखर शामिल हैं। पुलिस इन सभी से कड़ाई से पूछताछ कर गिरोह के मुख्य सरगना और परीक्षा केंद्रों से जुड़े अन्य संदिग्धों का पता लगाने में जुटी है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली विशेष टीम में सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकुल रंजन, साइबर डीएसपी निशांत गौरव, खगड़िया थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। खगड़िया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने परीक्षा की शुचिता भंग करने की कोशिशों पर पानी फेर दिया है।

अमित की रिपोर्ट