Bihar Bus Fire: नेपाल से गयाजी जा रही टूरिस्ट बस में भीषण अग्निकांड, 3 सिलेंडर धमाके से फटे,कूद कर भागने लगे यात्री
Bihar Bus Fire: खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।...
Bihar Bus Fire: खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनएच-31 पर अनिल लाइन होटल के समीप नेपाल से गया जी के पितृपक्ष मेला में शामिल होने जा रही टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में उस वक्त करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद बस में रखे सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बस में गैस लीक होने जैसी आशंका महसूस होते ही यात्रियों के बीच हलचल मच गई। खतरे को भांपते हुए यात्रियों को तत्काल बस से नीचे उतरने के लिए कहा गया। लोग तेजी से बस से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान बस में रखे चार सिलेंडरों में से तीन सिलेंडर एक-एक कर जोरदार धमाके के साथ फट गए।
सिलेंडर फटते ही बस आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी जद में ले लिया। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी और पूरी तरह राख हो गई। सिलेंडर फटने की तेज आवाज से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़े।हालांकि इस भीषण अग्निकांड में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल चुके थे। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में आग लगने के बाद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल जरूर कायम रहा, लेकिन सभी के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
यात्री सुनील कुमार के मुताबिक, सफर के दौरान बस में गैस लीक होने जैसी स्थिति महसूस हुई थी। इसके बाद यात्रियों को तत्काल बस से नीचे उतरने के लिए कहा गया। लोग अभी बस से निकल ही रहे थे कि सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे। धमाके के साथ आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।स्थानीय निवासी सदन सिंह ने बताया कि रात के सन्नाटे के बीच अचानक जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो टूरिस्ट बस आग की लपटों से घिरी हुई थी। यात्रियों को सुरक्षित बाहर देखकर लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि एनएच-31 पर अनिल लाइन होटल के पास टूरिस्ट बस में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और यात्रियों की सुरक्षा की पुष्टि की।थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सीएनजी रिसाव की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि बस में रखे सिलेंडरों से गैस रिसाव किस परिस्थिति में हुआ।
बताया गया कि बस नेपाल से यात्रियों को लेकर गया जी के पितृपक्ष मेला में जा रही थी। बीच रास्ते में हुए इस अग्निकांड ने यात्रियों की यात्रा को खौफनाक बना दिया। लेकिन समय रहते बस खाली हो जाने के कारण एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं और पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- अमित कुमार