Ashok Dham Stampede: अशोक धाम भगदड़ में अब तक 8 महिलाओं की मौत , चार की हुई पहचान, बाकी की शिनाख्त जारी

Ashok Dham Stampede: लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई भगदड़ में अब तक 8 महिलाओं की मौत हो गई है। चार मृतकों की पहचान हो गई है।...

Ashok Dham Stampede: लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई भगदड़ में अब तक 8 महिलाओं की मौत हो गई  है। हादसे के बाद मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार सभी 8 मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं।

चार मृतकों की पहचान

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार चार मृतकों की पहचान हो गई है। इनमें हेमलता देवी (55 वर्ष), निवासी हलसी, ललिता देवी, निवासी हलसी, रिंकू देवी (50 वर्ष), निवासी मुंगेर और मनमाला देवी (44 वर्ष), निवासी बड़हिया शामिल हैं।मनमाला देवी बड़हिया नगर क्षेत्र के इन्द टोला, वार्ड संख्या 12 की रहने वाली थीं और उन्हें निरंजन सिंह की पत्नी बताया गया है। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद बड़हिया में परिजनों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।वहीं हलसी की हेमलता देवी और ललिता देवी तथा मुंगेर की रिंकू देवी के परिजनों तक भी हादसे की सूचना पहुंचने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

चार अन्य मृतकों की पहचान का इंतजार

हादसे में जान गंवाने वाली अन्य चार महिलाओं की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन और अस्पताल स्तर पर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया चल रही है। पहचान होने के बाद उनके नाम और पते की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

भगदड़ के पीछे क्या हुआ?

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, अशोक धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। ट्रेन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान श्रद्धालुओं की लाइन के पास बिजली का एक पोल गिरने की बात सामने आई।

पोल गिरने के बाद श्रद्धालुओं के बीच करंट आने की अफवाह फैल गई, जिससे लोगों में अचानक भय और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालु भीड़ के दबाव में गिर गए।घटना के दौरान रास्ते के दोनों तरफ खेत और गड्ढे वाले हिस्से भी थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बांस से की गई बैरिकेडिंग भी दबाव में टूटने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान कई लोगों के गिरने और दबने की बात बताई जा रही है।

कई घायल, इलाज जारी

हादसे में करीब 15 श्रद्धालुओं के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।फिलहाल हादसे में मृतकों की संख्या और पहचान को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार अब तक 8 महिलाओं की मौत की खबर है, जबकि चार की पहचान हो चुकी है और चार अन्य की पहचान की जा रही है।अशोक धाम हादसे की यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है। मृतकों की पहचान और प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।

रिपोर्ट- कमलेश कुमार सिंह