लखीसराय मर्डर मिस्ट्री: झाड़ियों में मिला सूरज का शव, गले पर गहरे जख्म;ननिहाल से पीरीबाजार कैसे पहुंचा युवक?

लखीसराय के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव झाड़ियों से बरामद हुआ है।मृतक के गले पर गहरे जख्म हैं और सड़क पर भारी मात्रा में खून बिखरा मिला।मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है।

लखीसराय में युवक की हत्या- फोटो : Reporter

बिहार के लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खोटा अहरा के समीप महुआ के पेड़ के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मृतक की पहचान धनौरी निवासी और चौकीदार रामधारी रजक के पोते सूरज रजक के रूप में हुई है। युवक के गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।


ननिहाल आया था युवक, पीरीबाजार पहुंचने पर सस्पेंस

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूरज अपने ननिहाल कजरा थाना क्षेत्र के टाल वंशीपुर आया हुआ था। वह अपने ननिहाल से पीरीबाजार के इस सुनसान इलाके तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी जान गई, यह फिलहाल एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सड़क पर बिखरा खून और तीन थानों की पुलिस का धावा

वारदात की सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मेदनीचौकी थाना अध्यक्ष चितरंजन कुमार और मानिकपुर थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार भी अपनी टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। जांच के दौरान सड़क पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ मिला, जबकि शव उससे कुछ दूरी पर झाड़ियों में फेंका गया था। शव के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कहीं और करके साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहाँ फेंका गया।


एफएसएल की टीम बुलाई गई, प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच

मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, मोबाइल फोन और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक इनपुट्स का इंतजार कर रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग समेत कई संभावित कोणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

लखीसराय से कमलेश की रिपोर्ट