सम्राट चौधरी की बड़ी पहल, बिहार की पंचायतों में लगा सहयोग शिविर

बिहार में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी पहल शुरू की है। राज्यभर की पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों की शिकायतों का 30 दिनों के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया गया है। इसी कड़ी में

Lakhisarai : बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक खास पहल शुरू की गई है। राज्य में आज से सभी पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाने की शुरुआत हो गई है। सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि शिविर में आने वाले आवेदनों का निपटारा संबंधित अधिकारियों को 30 दिनों के भीतर करना होगा, अन्यथा 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिले के सोनपुर प्रखंड स्थित डुमरी बुजुर्ग गांव में इस कार्यक्रम की आधिकारिक शुरुआत की। सरकार का दावा है कि इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासनिक जवाबदेही तय करना है।

इसी कड़ी में लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड में भी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

इस दौरान लखीसराय के अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन करने और आम लोगों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

शिविर में जमीन विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, सड़क, जलनिकासी और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कई लोगों ने स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सुझाव भी दिए।

अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

प्रशासन की ओर से आयोजित इस सहयोग शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोगों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा सीधे समस्याएं सुनने और तय समय सीमा में कार्रवाई की व्यवस्था से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।