Bihar Accident News: लखीसराय में ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, पांच लोगों की मौके पर मौत, मासूम समेत चार की हालत गंभीर

Bihar Accident News: लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने ऐसी जोरदार टक्कर हुई कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए।...

ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत- फोटो : social Media

Bihar Accident News: लखीसराय में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने ऐसी जोरदार टक्कर हुई कि एसयूवी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किसी तरह क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला गया।

यह हादसा तेतरहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे मोतिहारी से झारखंड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर गांव के समीप सामने से आ रहे ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तेतरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गाड़ी के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सभी चार घायलों को एंबुलेंस की मदद से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के शव भी सदर अस्पताल लाए गए हैं। अचानक हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। परिजनों को दुर्घटना की सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।