मोतिहारी से चोरी हुआ 12 चक्का ट्रक बेगूसराय से बरामद: 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार, 10 से अधिक अंतरजिला ट्रक चोरी कांडों का पर्दाफाश
मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बड़े अंतरजिला ट्रक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि मास्टर माइंड की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.....
Motihari : जिले की पुलिस ने ढाका थाना क्षेत्र से चोरी हुए एक 12 चक्का ट्रक को बेगूसराय के बछवाड़ा टोल प्लाजा से बरामद कर अंतरजिला ट्रक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से छपरा, गोपालगंज, बेतिया (पश्चिम चंपारण) और मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) सहित विभिन्न जिलों में दर्ज 10 से अधिक ट्रक चोरी के मामलों का सफल उद्भेदन हुआ है।
बकरीहारी चौक से चोरी हुआ था 12 चक्का ट्रक
सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि ढाका थाना क्षेत्र के बकरीहारी चौक से 12 चक्का ट्रक की चोरी हुई थी। घटना के तुरंत बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिकरहना एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।
टाटा मोटर्स चंद्रहिया के पास से पकड़ा गया मुख्य कड़ी रजनीश, फिर हुई बेगूसराय में बरामदगी
विशेष टीम ने सबसे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी रजनीश कुमार को मोतिहारी के चंद्रहिया स्थित टाटा मोटर्स के समीप से गिरफ्तार किया। रजनीश से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 अन्य अपराधियों को दबोच लिया और चोरी गए ट्रक को बेगूसराय जिले के बछवाड़ा टोल प्लाजा से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
मास्टरमाइंड सन्नी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस अंतरजिला गिरोह का मास्टरमाइंड (किंगपिन) सन्नी कुमार श्रीवास्तव (पिता- विनोद प्रसाद श्रीवास्तव, निवासी चिंतामनपुर, थाना पीपरा, पूर्वी चंपारण) है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सन्नी की गिरफ्तारी और गिरोह के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
हिमांशु की रिपोर्ट