धनतेरस पर पुलिस का उपहार : ऑपरेशन मुस्कान के तहत 250 लोगों को मिले 61 लाख के खोए मोबाइल, खिले चेहरे

मोतिहारी के 250 आमलोगों को पुलिस की ओर से ऐसा उपहार मिला जिससे उनके चेहरे खिल उठे। एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने तकरीबन 61 लाख के गुम हुए मोबाइल खोज असली मालिक के हाथों में सौंपा....

धनतेरस पर पुलिस का उपहार- फोटो : हिमांशु

Motihari : दीपावली और धनतेरस के पावन अवसर पर मोतिहारी पुलिस ने आम लोगों को एक बड़ी सौगात दी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चलाए गए 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत पुलिस ने विभिन्न जगहों से खोए या चोरी हुए 245 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए। धनतेरस के दिन इन सभी फोनों को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये है।


विद्यार्थियों और आम नागरिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बरामद किए गए इन मोबाइलों में एप्पल (Apple) जैसे प्रीमियम ब्रांड के सेट भी शामिल हैं। सबसे अधिक खुशी 38 विद्यार्थियों को मिली, जिनके मोबाइल खो जाने के कारण उनकी पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही थी। इसके अलावा मोबाइल पाने वालों में 31 सरकारी नौकरीपेशा, 25 प्राइवेट नौकरी वाले, 24 व्यवसायी, 15 मजदूर, 11 किसान, 7 गृहिणी, 7 मिस्त्री, 4 ड्राइवर, 3 भूतपूर्व सैनिक, 2 ठेकेदार, 1 अधिवक्ता और अन्य 77 लोग शामिल हैं।


'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत अब तक 2300 से अधिक फोन बरामद

मोतिहारी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस अब तक कुल 22 चरणों में 2303 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है। इन सभी जप्त किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 4 करोड़ 67 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की मदद के लिए यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।


तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर कम समय में बड़ी संख्या में मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद करने में सफलता हासिल की।


सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों की टीम

इस सफल अभियान में जिला आसूचना इकाई के प्रभारी पु०अ०नि० करण कुमार सिंह, मोबाइल सेल प्रभारी पु०अ०नि० राहुल कुमार, पु०अ०नि० परमानंद ठाकुर, पु०अ०नि० बबन कुमार, पु०अ०नि० निधि कुमारी, सिपाही ललन कुमार, सिपाही संतोष कुमार और महिला सिपाही निर्मला कुमारी की भूमिका बेहद सराहनीय रही।


हिमांशु की रिपोर्ट