Bihar News : मोतिहारी में आधी रात को प्रेमिका से मिलने पहुँचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़ा और मंदिर में करा दी शादी

MOTIHARI : जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में एक दिलचस्प मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रेमी जोड़े के प्रेम प्रसंग का अंत मंदिर में विवाह के साथ हुआ। मंगलवार की रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुँचा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद बुधवार को गाँव में पंचायत बैठी और दोनों की शादी कराने का फरमान सुनाया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर में संपन्न हुआ विवाह

पंचायत के निर्देश के बाद तुरकौलिया प्रखंड के माधोपुर मठ स्थित प्रसिद्ध रामजानकी मंदिर में विवाह समारोह का आयोजन किया गया। ग्रामीणों की भारी उपस्थिति में आचार्य वीरेंद्र मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया। नवविवाहित जोड़े में लालबाबू भगत की पुत्री संध्या कुमारी और योगेंद्र भगत का पुत्र मिथुन कुमार शामिल हैं।

दो-तीन महीनों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

ग्रामीणों के अनुसार, संध्या और मिथुन के बीच पिछले दो-तीन महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार की रात जब मिथुन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुँचा, तो परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उसे पकड़ लिया गया। सुबह मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत बुलाई गई, जहाँ दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद सामूहिक सहमति से शादी का निर्णय लिया गया।

इलाके में बनी चर्चा का विषय

दिन भर गाँव और आसपास के इलाकों में इस अनोखी शादी की चर्चा होती रही। जहाँ कुछ लोग इसे प्रेम की जीत बता रहे हैं, वहीं कुछ इसे पंचायत द्वारा त्वरित न्याय का उदाहरण मान रहे हैं। विवाह के बाद प्रेमी जोड़ा काफी खुश नजर आया और ग्रामीणों ने भी नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

पुलिस तक नहीं पहुँचा मामला

चूँकि दोनों बालिग बताए जा रहे हैं और शादी आपसी सहमति एवं सामाजिक रजामंदी से हुई है, इसलिए इस मामले में अब तक पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल, यह 'मंदिर वाली शादी' पूरे प्रखंड में सुर्खियाँ बटोर रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट