मोतीहारी ननिहाल में जश्न: मैनपुरी SP की बेटी ने 200 में से 200 अंक लाकर रचा इतिहास,आद्याया साहा बनीं देश की सबसे कम उम्र की 'जीनियस'
13वें इंडियन जीनियस अवॉर्ड में 8.7 लाख छात्रों को पछाड़कर मैनपुरी एसपी गणेश प्रसाद की पुत्री आद्याया साहा ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मोतीहारी स्थित ननिहाल में खुशी का माहौल है।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पदस्थापित एसपी गणेश प्रसाद की पुत्री आद्याया साहा ने 13वें इंडियन जीनियस अवॉर्ड परीक्षा में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान रचा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 8.7 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। आद्याया ने परीक्षा में 200 में से पूरे 200 अंक प्राप्त किए और अब तक की सबसे कम उम्र की 'जीनियस' बनने का गौरव हासिल किया।
अपर्णा यादव ने गोल्ड मेडल और लैपटॉप देकर किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित होली पब्लिक स्कूल, वृंदावन में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एवं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव द्वारा आद्याया को सम्मानित किया गया। समारोह में उन्हें गोल्ड मेडल, लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मंच पर आद्याया ने अपनी सुरीली आवाज में 'वंदे मातरम' गीत प्रस्तुत कर वहां मौजूद सभी गणमान्य लोगों और बच्चों का दिल जीत लिया।
मोतीहारी स्थित ननिहाल में खुशी की लहर और मिठाई का वितरण
आद्याया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर मिलते ही बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतीहारी) स्थित उसके ननिहाल में जश्न का माहौल बन गया। ठाकुरबाड़ी निवासी उसके नाना जनार्दन प्रसाद के घर परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। मैनपुरी एसपी मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और उनकी इस पारिवारिक सफलता से स्थानीय लोगों में काफी हर्ष और गर्व का माहौल है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना और स्थानीय लोगों में उत्साह
देशभर में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली इस मेधावी बच्ची को बधाई देने के लिए जनार्दन प्रसाद के आवास पर आसपास के लोगों का तांता लगा हुआ है। परिजनों और स्थानीय प्रबुद्ध लोगों ने आद्याया की इस असाधारण प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की है। ननिहाल पक्ष का कहना है कि आद्याया ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम देश भर में रोशन किया है।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट