Bihar News : मोतीहारी में 60 लाख रूपये के वेतन घोटाला को लेकर एसीएस सी के अनिल ने दी चेतावनी, 2-3 दिन में रिकवरी नहीं होने पर होगी कार्रवाई

Bihar News : शिक्षा विभाग के एससीएस सी.के. अनिल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अवैध निकासी और अधिक वेतन उठाने वालों को 2-3 दिन के भीतर राशि वापस करने का निर्देश दिया है.....पढ़िए आगे

एससीएस ने दिखाई सख्ती - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सी.के. अनिल ने पूर्वी चंपारण समाहरणालय में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अवैध निकासी और अधिक वेतन उठाने वालों को 2-3 दिन के भीतर राशि वापस करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानबूझकर की गई गलती गंभीर मामला है और ऐसा न करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही सभी प्रखंड शिक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी शिक्षकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि अवैध निकासी की जांच के लिए प्रशिक्षु आईएएस के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसके अलावा, जिले में 33 मॉडल विद्यालय स्थापित किए गए हैं जिन्हें वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गोद लेकर नियमित रूप से मॉनिटरिंग और कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।

अपर मुख्य सचिव ने विद्यालयों के मेंटेनेंस कार्यों की जांच करने, भवनहीन विद्यालयों के लिए अगले 15 दिनों में भूमि चिन्हित करने और 'कायाकल्प अभियान' के तहत चल रही सभी योजनाओं को 20 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार वेतन या अन्य मदों के लिए तुरंत आवंटन की मांग करने पर भी जोर दिया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि शिक्षक बच्चों से अभिभावक जैसा व्यवहार करें और अधिकारी निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ मिड-डे मील (एमडीएम) का भोजन ग्रहण करें। विद्यालयों में रक्तदान शिविर, नियमित योगाभ्यास, साफ-सफाई और सोशल वर्क को अनिवार्य बनाने पर विशेष बल दिया गया।

बिहार में एक माह तक चलाए जा रहे 'सघन नशा मुक्त बिहार अभियान' में शिक्षा विभाग को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया गया। अंत में अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे महात्मा गांधी की ऐतिहासिक कर्मभूमि पर कार्य करने को सौभाग्य मानकर इसी गौरव की अनुभूति के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

हिमांशु की रिपोर्ट