मोतिहारी में खाद माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, आरा से पहुंची 670 बोरा कालाबाज़ारी की यूरिया ट्रक सहित जब्त
पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने खाद की कालाबाज़ारी करने वाले माफियाओं के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। प्रशासन ने एक ही दिन में दो अलग-अलग छापेमारी कर भारी मात्रा ने कालाबाजारी के लिए लाई गई यूरिया खाद बरामद की है......
Motihari : पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने खाद की कालाबाज़ारी करने वाले माफियाओं के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरा से मोतिहारी पहुंची अवैध यूरिया खाद से लदी एक पूरी ट्रक को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में ट्रक पर लदी 670 बोरी कालाबाज़ारी की यूरिया खाद को पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्त किया गया है।
चंद्रहिया में निजी परिसर से बरामद हुआ यूरिया लदा ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन को पुख्ता सूचना मिली थी कि आरा से कालाबाज़ारी की यूरिया की एक बड़ी खेप मोतिहारी भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अधिकारियों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंद्रहिया स्थित एक व्यक्ति के कैंपस में छापेमारी की। वहां खड़े ट्रक से अवैध यूरिया बरामद हुई। हालांकि, पुलिस टीम को देखकर ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
सुबह बंजरिया के लक्ष्मण चौक पर भी हुई थी बड़ी जब्ती
खाद माफियाओं के खिलाफ प्रशासनिक शिकंजा केवल एक जगह तक सीमित नहीं रहा। चंद्रहिया में शाम को हुई कार्रवाई से पहले, सोमवार सुबह ही प्रशासन की टीम ने बंजरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक के समीप छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध यूरिया जब्त की थी। एक ही दिन में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले भर के उर्वरक कालाबाज़ारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
'तरुण' नामक व्यक्ति के पास पहुंचनी थी खेप, जांच में जुटी पुलिस
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरा से भेजी गई कालाबाज़ारी की यह यूरिया खाद मोतिहारी में किसी 'तरुण' नामक व्यक्ति के पास पहुंचाई जानी थी। पुलिस और नागरिक प्रशासन की टीम अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस काले कारोबार का मुख्य सूत्रधार कौन है और आरा से लेकर मोतिहारी तक यह अवैध सिंडिकेट किस तरह काम कर रहा था। प्रशासन अब इसमें शामिल सभी खाद माफियाओं की पूरी कुंडली खंगालने में जुटा हुआ है।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में एफआईआर दर्ज, सख्त कानूनी कार्रवाई जारी
जब्त यूरिया और ट्रक को मजिस्ट्रेट की देखरेख में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुफस्सिल थाने के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फरार ड्राइवर, खलासी तथा अवैध खाद मंगाने वाले धंधेबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसानों के हक की खाद की कालाबाज़ारी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिमांशु की रिपोर्ट