Bharat Tiwari case: भारत तिवारी से जुड़े मामले पर रिएक्शन देना सिपाही को पड़ा भारी! मोतिहारी में तैनात सिपाही सस्पेंड
Bharat Tiwari case: भोजपुर के बिलौटी गांव की घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोतिहारी में तैनात सिपाही आशीष कुमार तिवारी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
Bharat Tiwari case: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव की चर्चित घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वीडियो में कथित तौर पर बदला लेने जैसी बातें सामने आने के बाद मोतिहारी जिला बल में तैनात सिपाही आशीष कुमार तिवारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सिपाही आशीष कुमार तिवारी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा की थी। इसे बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली 2026 का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
सिपाही की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं
एसपी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (शिक्षा), पुलिस केंद्र मोतिहारी की जांच रिपोर्ट में सिपाही के व्यवहार को अनुशासनहीन, मनमाना और सरकारी कर्मचारी के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। हालांकि, सिपाही आशीष कुमार तिवारी की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए उन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस विभाग की सख्ती
पुलिस विभाग ने साफ कहा है कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक पोस्ट करना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि सभी पुलिसकर्मियों को सेवा नियमों और अनुशासन का पालन करना जरूरी है। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। बिलौटी कांड के बाद वायरल हुए वीडियो पर हुई इस कार्रवाई की चर्चा पूरे पुलिस विभाग में हो रही है। इससे यह संदेश भी गया है कि सोशल मीडिया पर की गई किसी भी लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।