Motihari teacher murder: स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक महमद शमशाद की पिटाई के बाद मौत, पंचायत योजना-जमीन विवाद का एंगल

Motihari teacher murder: मोतिहारी में स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक महमद शमशाद की पिटाई के बाद मौत हो गई। पंचायत की योजनाओं और जमीन विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, पुलिस जांच में जुटी है।

Motihari teacher murder:  बिहार के मोतिहारी से एक शिक्षक की मौत का मामला सामने आया है। बंजरिया प्रखंड के सिसवा उर्दू स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय के शिक्षक महमद शमशाद स्कूल से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंचायत सरकार भवन के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की।


परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि हमलावरों ने शिक्षक की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। बाद में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अर्धवार्षिक परीक्षा की ड्यूटी से लौट रहे थे शिक्षक


बताया जा रहा है कि महमद शमशाद की ड्यूटी अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय बथाना में लगी थी। परीक्षा ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंचायत सरकार भवन के पास उनके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।


पंचायत की योजनाओं को लेकर विवाद की चर्चा


घटना के पीछे पंचायत की विकास योजनाओं में कथित अनियमितता का विरोध करने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि शिक्षक ने पंचायत की कुछ योजनाओं से जुड़े मामलों को उजागर किया था। हालांकि, पुलिस ने अभी इस वजह की पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिक्षक का करीब एक साल पहले जमीन से मिट्टी काटने को लेकर भी विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मनरेगा के तहत सड़क भराई के लिए शिक्षक की जमीन से मिट्टी काटी गई थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था।


पुलिस ने शुरू की जांच


शिक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। सदर एसडीओ, डीएसपी और बंजरिया समेत कई थानों की पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


मृतक शिक्षक के परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे हत्या का मामला बताया है। उनका आरोप है कि शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

मोतीहारी रिपोर्टर हिमांशु