मोतिहारी में काला शुक्रवार : एक ही दिन में डूबने से 8 मौतों से थर्राया पूर्वी चंपारण, मातम में बदला जिउतिया का उल्लास

मोतिहारी में एक ही दिन में डूबने से 8 की मौत- फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के लिए शुक्रवार का दिन काल साबित हुआ। जिले के पहाड़पुर, बंजरिया और घोड़ासहन थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर डूबने से 8 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इन हादसों में कहीं जिउतिया नहान का उल्लास मातम में बदल गया, तो कहीं जन्मदिन की खुशियाँ गमगीन हो गईं। एक साथ हुई इन मौतों से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और संबंधित गांवों में सन्नाटा पसर गया।


बंजरिया में जन्मदिन मनाकर नहाने गए 3 दोस्तों की डूबने से मौत

बंजरिया थाना क्षेत्र स्थित अंचल कार्यालय के समीप राजघाट छठ घाट पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। दो मोटरसाइकिलों से पहुँचे दोस्तों ने पहले अपने साथी का जन्मदिन मनाया और केक काटा। इसके बाद जब वे नदी में स्नान करने उतरे, तो गहरे पानी में चले जाने से तीन दोस्त डूब गए। स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत और जाल फेंककर तीनों के शवों को बाहर निकाला।


  • मृतकों की पहचान: समीर देवान (19 वर्ष, पिता- बसीर देवान), शकील अंसारी (18 वर्ष, पिता- साहेब अंसारी) और यश राज (17 वर्ष, पिता- विनोद प्रसाद), तीनों निवासी चैलहा टाल, थाना बंजरिया।

हादसे के बाद डर के मारे बाकी दोस्त मौके से फरार हो गए।


पहाड़पुर में जिउतिया नहान के दौरान 4 बच्चियों की डूबने से दर्दनाक मौत

पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकट नोनिया टोली में जिउतिया पर्व पर नहाय-खाय के मौके पर पोखर में नहाने गई चार मासूम बच्चियां गहरे पानी में समा गईं।

  • मृतकों की पहचान: सोनामति कुमारी (13 वर्ष) व फूलमती कुमारी (10 वर्ष) (दोनों पुत्रियां- प्रमोद महतो), सोनाली कुमारी (10 वर्ष, पुत्री- वीरेंद्र महतो) और प्रतिमा कुमारी (12 वर्ष, पुत्री- अच्छेलाल पासवान)।

एक ही गांव की चार बच्चियों की मौत से पूरे इलाके में कोहराम मच गया।


घोड़ासहन के निमुइया में अरुणा नदी में डूबी 1 बच्ची

तीसरी घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमुइया गांव की है, जहाँ जिउतिया पर्व के अवसर पर अरुणा नदी में स्नान करने गई एक बच्ची की उफान और गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।


प्रशासन व पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

सभी घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस (बंजरिया, पहाड़पुर व घोड़ासहन) और अंचलाधिकारी (CO) तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने सभी 8 शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया जा रहा है और नियमानुसार आपदा राहत राशि व अग्रतर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


हिमांशु की रिपोर्ट