चार बच्चों संग मां की मौत मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने की पुष्टि, पुलिस की जांच तेज

Motihari : पूर्वी चंपारण (मोतीहारी) जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र स्थित बाभनौली पंचायत के वार्ड संख्या 6 में बीते 7 अगस्त को हुई हृदयविदारक घटना में नया मोड़ आया है। एक माँ और उसके चार मासूम बच्चों के शव पोखर में तैरते मिलने के मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सभी की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।


पोखर में मिले थे मा और चार बच्चों के शव 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाभनौली पंचायत निवासी धर्मेंद्र महतो की 35 वर्षीया पत्नी सुशीला देवी, पुत्री अमृता कुमारी (11 वर्ष), पम्मी कुमारी (6 वर्ष), पुत्र अविनाश कुमार (8 वर्ष) तथा रवीश कुमार (4 वर्ष) के शव स्थानीय पोखर से बरामद किए गए थे। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से ही पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है।


मायके वालों ने लगाया दहेज व हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतका के भाई (संग्रामपुर थाना क्षेत्र के प्रताप मठिया निवासी श्यामनंदन महतो) ने गोविंदगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित कर बहन और उसके चार बच्चों की हत्या कर शव को पोखर में फेंका गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


प्रताड़ना और साजिश दोनों बिंदुओं पर जांच जारी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस कई पहलुओं पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पुलिस इस बिंदु की पड़ताल कर रही है कि क्या महिला को इस हद तक मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि उसने बच्चों संग यह कदम उठाया, या फिर इसके पीछे ससुराल वालों की कोई सोची-समझी साजिश थी।


दोषियों पर चलेगा स्पीडी ट्रायलमिलेगी सख्त सजा 

अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और मामले की गहराई से तहकीकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मानवता को शर्मसार करने वाली अत्यंत दुखद घटना है। इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।


हिमांशु की रिपोर्ट