Bihar News : मोतीहारी में शिक्षक की भूमिका में दिखे डीएम, कक्षा 9 की छात्राओं को पढ़ाया गणित, अस्पताल में मरीजों का जाना हालचाल

Bihar News : मोतीहारी डीएम सौरभ सुमन यादव ने सहयोग शिविर,अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल और मलाही मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया. स्कूल में डीएम शिक्षक की भूमिका में जनर आये.......पढ़िए आगे

शिक्षक की भूमिका में डीएम - फोटो : Himanshu

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने मंगलवार को अरेराज अनुमंडल क्षेत्र का व्यापक दौरा कर कई विकास योजनाओं, सरकारी संस्थानों और जन-सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल, मलाही मॉडल उच्च विद्यालय और सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर के पास अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के क्रम में डीएम सौरभ सुमन यादव मलाही मॉडल उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूल के कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला और कक्षाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान वे कक्षा 9 के छात्रों के बीच पहुंचे और खुद शिक्षक की भूमिका में आकर बच्चों को गणित (माध्यमिक गणित) का पाठ पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि लगन और अनवरत मेहनत ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने प्रधानाध्यापक को पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने का कड़ा निर्देश दिया।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, प्रसव कक्ष तथा दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया और वहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी जानकारी ली। डीएम ने अस्पताल प्रभारी को निर्देश दिया कि मरीजों को दवाओं और इलाज में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

दौरे के अंतिम चरण में डीएम ने ऐतिहासिक प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर के समीप केडिया धर्मशाला के पास से हटाए गए अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अंचलाधिकारी को नगर पंचायत से जेसीबी और ट्रैक्टर मंगाकर मलबे को तुरंत साफ कराने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने बाबा सोमेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिलावासियों की सुख, समृद्धि, शांति और जिले के चौमुखी विकास की मंगलकामना की। इस अवसर पर अरेराज एसडीएम सुजीत कुमार, बीडीओ आदित्य दीक्षित और सीओ विनोद पांडेय सहित कई अनुमंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिमांशु की रिपोर्ट