Gandhi Jayanti: गांधी की कर्मभूमि चंपारण में गूंजा बापू का संदेश, प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतिमा पर चढ़ाए फूल

Gandhi Jayanti: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उनकी कर्मभूमि चंपारण में बापू को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। ...

गांधी की कर्मभूमि चंपारण में गूंजा बापू का संदेश- फोटो : reporter

Gandhi Jayanti: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उनकी कर्मभूमि चंपारण में बापू को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह पूर्वी चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने मोतिहारी के गांधी मैदान स्थित बाल उद्यान पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भी नमन किया।

माल्यार्पण के बाद प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का चंपारण से बेहद गहरा और ऐतिहासिक रिश्ता रहा है। इसी धरती से गांधीजी ने किसानों की समस्याओं को लेकर सत्याग्रह का नेतृत्व किया था। चंपारण सत्याग्रह ने न सिर्फ किसानों की आवाज को बुलंद किया, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन को भी नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि मोतिहारी की धरती ऐतिहासिक होने के साथ-साथ प्रेरणादायी भी है। गांधी जयंती के अवसर पर बापू की कर्मभूमि पर आकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। गांधीजी के विचार आज भी समाज और देश के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके दौर में थे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने अपने विचारों और संघर्ष के जरिए लोगों को एकजुट करने का काम किया। गांधीजी का जीवन यह संदेश देता है कि समाज में बदलाव लाने के लिए सत्य और अहिंसा को हथियार बनाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि चंपारण की धरती पर गांधी जयंती मनाने का महत्व इसलिए और बढ़ जाता है, क्योंकि यहीं से बापू के आंदोलन ने किसानों और आम लोगों के संघर्ष को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ने का काम किया था।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी ने देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का अमर नारा दिया था। उन्होंने देश की तरक्की में जवानों और किसानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और अपने सादगीपूर्ण जीवन से देशवासियों के सामने मिसाल पेश की।

गांधी जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन की ओर से किया गया। इस दौरान डीएम सौरभ सुमन यादव, एडीएम मुकेश कुमार सिन्हा, डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, पीजीआरओ शैलेंद्र कुमार भारती, एडीएम अरुण कुमार और विभागीय जांच पदाधिकारी मो. सिबगतुल्लाह समेत अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और शहरवासी भी शामिल हुए। लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की। उन्होंने लोगों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और सत्य, अहिंसा, स्वच्छता व सामाजिक सौहार्द के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। चंपारण की ऐतिहासिक धरती पर गांधी जयंती का यह आयोजन बापू की विरासत और उनके विचारों को फिर से जनमानस के सामने लाने का अवसर बना।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार