Bihar News : मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोमेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के गहने चुराने वाले महिला गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतीहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं का जेवरात चुराने वाली गिरोह का खुलासा किया है। इसी कड़ी में 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है....पढ़िए आगे

चेन स्नैचर गिरोह का खुलासा - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं के जेवरात चुराने वाले एक शातिर अंतरजिला महिला चोर गिरोह का सनसनीखेज खुलासा किया है। अरेराज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लाखों रुपये मूल्य के चोरी के सोने के आभूषणों के साथ इस गिरोह की चार महिला सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कामयाबी पुलिस को तब मिली जब ये महिलाएं चोरी किए गए आभूषणों को एक ज्वेलर्स की दुकान पर बेचने की फिराक में थीं, लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूर्बों में कामयाब हो पातीं, पुलिस के जाल में फंस गईं।

गिरफ्तार की गई महिला चोरों में तीन बिहार के बेगूसराय जिले की और एक स्थानीय घोड़ासहन इलाके की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई महिलाओं की पहचान बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाधा निवासी सपना देवी, सोनी देवी और पूनम देवी के रूप में हुई है, जबकि चौथी महिला की पहचान घोड़ासहन के बिजबनी निवासी रिंकू देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के कुल 29 पीस सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

बरामद किए गए आभूषणों में सोने के 10 हनुमानी लॉकेट, 15 कान के टॉप्स और 2 बालियां शामिल हैं। सर्राफा बाजार में इन बरामद सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी जा रही है। अरेराज थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने बताया कि बिहार के प्रसिद्ध सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर यह गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पिछले कुछ समय से भीड़-भाड़ वाले दिनों में श्रद्धालुओं के पॉकेट से मोबाइल और गले से आभूषण चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

इन चोरियों पर अंकुश लगाने और गिरोह को पकड़ने के लिए अरेराज थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम को सादे लिबास में मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया था। पुलिस की इस सतर्कता के कारण ही चारों महिला चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गईं। अरेराज थाना अध्यक्ष की महिला चोर गिरोहों के खिलाफ एक महीने के भीतर यह दूसरी बड़ी और सफल कार्रवाई है। इससे करीब 20 दिन पहले भी पुलिस ने चोरी के आभूषणों के साथ मुजफ्फरपुर की तीन महिला चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

फिलहाल, गिरफ्तार की गई चारों महिलाओं ने पुलिसिया पूछताछ में सोमेश्वरनाथ मंदिर परिसर में की गई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है और कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और इनसे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जमकर सराहना की है।

हिमांशु की रिपोर्ट