मोतिहारी में दिल दहला देने वाली घटना: पति से विवाद के बाद महिला ने चार बच्चों संग पोखर में कूदकर दी जान
मोतिहारी से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां पति से हुए मामूली विवाद में अपने चार बच्चों संग तालाब में कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद इलाके मे सनसनी व्याप्त है......
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। पति से हुए विवाद के बाद एक मां ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ पोखर में कूदकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार दोपहर जब पोखर में शव तैरते दिखे, तो इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शराब और किश्त के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम बभनौली पंचायत (वार्ड संख्या 06) निवासी धर्मेंद्र महतो और उसकी 35 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी के बीच शराब पीने और समय पर किश्त (फाइनेंस) जमा नहीं करने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि ससुर ने भी बेटे का पक्ष लेते हुए बहू से कहासुनी की थी। इसी बात से आहत होकर महिला गुरुवार शाम ही अपने चारों बच्चों को लेकर घर से निकल गई।
रातभर खोजबीन के बाद दोपहर में मिले शव
परिजनों ने रिश्तेदारों और गांव में रातभर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार दोपहर गांव के एक पोखर में तीन-चार शव तैरते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पांचों शवों को पानी से बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान:
- सुशीला देवी (35 वर्ष) - मां
- अमृता कुमारी (11 वर्ष) - पुत्री
- अविनाश कुमार (08 वर्ष) - पुत्र
- पम्मी कुमारी (06 वर्ष) - पुत्री
- रवि कुमार (04 वर्ष) - पुत्र
पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगंज इंस्पेक्टर सच्चिदानंद पांडेय, अंचलाधिकारी (CO) और पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिवार बेहद गरीब है। घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
हिमांशु की रिपोर्ट