Bihar News : मोतिहारी में कलयुगी बेटे ने रुपयों के लिए की मां की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस को किया गुमराह, 24 घंटे में हुआ गिरफ्तार
Bihar News : मोतीहारी में कलयुगी पुत्र ने बैंक से पैसा निकालकर आ रही माँ की चाकू मारकर हत्या कर दिया. पुलिस ने 24 घण्टे में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : मोतिहारी पुलिस ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत से बरामद महिला के शव और कथित लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या किसी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके सगे बेटे ने ही रुपयों के लालच में की थी। अरेराज डीएसपी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून व मिट्टी से सने कपड़े और लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला
अरेराज डीएसपी नवीन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झमन मियां की पत्नी नगमा खातून मंगलवार को अरेराज स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालकर अपने बेटे आलम हुसैन के साथ लौट रही थीं। दोपहर में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गड़हिया (माधोपुर) चिमनी के पास बेटे ने ग्रामीणों को यह झूठी कहानी सुनाई कि कुछ अपराधियों ने उस पर हमला कर जख्मी कर दिया और उसकी मां व पैसे लूटकर ले गए। हालांकि, इस घटना की तत्काल कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
गन्ने के खेत से मिला था शव
बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में एक महिला का रक्तरंजित शव देखकर हरसिद्धि थाना पुलिस को सूचित किया। शव की पहचान नगमा खातून के रूप में हुई, जिनकी धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम, सख्ती पर टूटा आरोपी
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार और पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस को बेटे की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस ने जब हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पैसे के लिए रची थी साजिश
अभियुक्त आलम हुसैन ने स्वीकार किया कि उसने मां के पास मौजूद रुपयों को हड़पने के लिए अरेराज के एक बाजार से पहले ही चाकू खरीदा था। सुनसान जगह देखकर उसने मां की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया और खुद को बचाने के लिए लूट व अपहरण की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े और छीने गए रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
हिमांशु की रिपोर्ट