Bihar News : मोतिहारी में दबंगों ने खेत देखने गए युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतिहारी में एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.......पढ़िए आगे

युवक का अपहरण - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार के मोतिहारी जिले से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दबंगई की सभी हदें पार करते हुए एक युवक का अपहरण कर लिया गया। पीड़ित मनोज यादव, जो कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ध्रुवपकड़ी गांव के निवासी हैं, अपने खेत की देखरेख के लिए गए थे। तभी अपराधियों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस को दिए अपने आवेदन में पीड़ित मनोज ने बताया कि वे अपने खेत गए थे। तभी छोटन सिंह, रौशन कुमार, शैलेश कुअर, अनमोल कुमार और सौरभ कुमार समेत कई नामजद व 5-6 अज्ञात लोग दो गाड़ियों और एक बाइक पर सवार होकर आए। आरोपियों ने जबरन मनोज को एक स्कॉर्पियो गाड़ी में लाद लिया और उन्हें सुनसान दरमाहा जंगल की तरफ ले गए, जहां उनके साथ अमानवीयता की गई। जंगल में ले जाकर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान अनमोल नामक आरोपी ने उनकी गर्दन पर चाकू से दो बार वार किया, जिससे उनके कंधे पर एक गहरा जख्म हो गया। बेरहमी का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, बल्कि आरोपियों ने उन्हें प्रताड़ित करने की पूरी साजिश रची।

पिटाई के बाद छोटन सिंह ने पीड़ित के हाथ में पिस्तौल और जेब में गोली रखकर जबरन वीडियो बनवाया, जिसे शैलेश द्वारा रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही, विवेक तिवारी ने 1000 रुपये के स्टाम्प पेपर पर जबरन उनके हस्ताक्षर करवाए। अगली सुबह करीब 6 बजे उनके हाथ-मुंह बांधकर उन्हें दरमाहा विशुन सिंह के पोखर के पास छोड़ दिया गया और किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पीड़ित को तुरंत कल्याणपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट