Mahashivratri 2025: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमेश्वरनाथ महादेव की निकाली भव्य बारात , हुयी फूलों की बारिश, उमड़ा जनसैलाब

प्रसिद्ध मनोकामना पूरक सोमेश्वरनाथ महादेव की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल, मृदंग, शहनाई की धुन पर निकली इस बारात में फूलों की बारिश हो रही थी।....

 Mahashivratri 2025
सोमेश्वरनाथ महादेव की निकाली भव्य बारात- फोटो : Reporter

Mahashivratri 2025: मोतिहारी में महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर, प्रसिद्ध मनोकामना पूरक सोमेश्वरनाथ महादेव की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल, मृदंग, शहनाई की धुन पर निकली इस बारात में फूलों की बारिश हो रही थी। आकर्षक झांकियों में सजे देवता अपनी विभिन्न रूपों में भक्तों को दर्शन दे रहे थे।महाशिवरात्रि के अवसर पर, अरेराज स्थित बिहार के काशी कहे जाने वाले मनोकामना पूरक सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर से मंगलवार को भव्य शिव बारात झांकी निकाली गई। हाथी, घोड़ा, पालकी के साथ विभिन्न प्रकार के बैंड बाजे, ढोल, मृदंग, शहनाई आदि की धुन पर नाचते-गाते भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

मंदिर के महंत सह महामंडलेश्वर रविशंकर गिरी और एपीएस के निदेशक प्रमोद मिश्र के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर परिसर से बारात की शुरुआत हुई। बारात मंदिर परिसर से शुरू होकर बाजार होते हुए मुख्य चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया। बारात में भगवान शिव, माता पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां निकाली गईं। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्तिगीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित विभिन्न देवताओं का वेश धारण किए कलाकारों की श्रद्धालुओं ने आरती उतारी। दर्जनों जगहों पर पुष्प वर्षा कर लोगों ने बरात का स्वागत किया। जयकारों से नगर का माहौल शिवमय हो गया। सोमेश्वरनाथ महादेव बरात में सबसे आगे घुड़सवार चल रहे थे। उनके पीछे ढोल और बैंडबाजे वाले थे। इनके पीछे धार्मिक और सामाजिक संदेश देती हुई झांकियां चल रही थीं।

बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर व माता पार्वती मंदिर का प्रतीकात्मक भव्य मंदिर आकर्षण का केन्द्र बना रहा, जहां सभी लोग साक्षात दर्शन कर रहे थे। सबसे अंत में भगवान शिव की झांकी थी, जिस पर श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर रहे थे। शोभा यात्रा में भगवान शिव की मनमोहक झांकी देखते ही बन रही थी। वैदिक मंत्रोच्चारण कर झांकी को रवाना किया गया। मंदिर परिसर में शिव-पार्वती विवाह संपन्न हुआ। शिव मंत्रों और गीतों की धुन पर श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ा रहे थे। पूरी शिवनगरी जय श्रीराम और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो गया।

शिव बारात जुलूस को लेकर एसडीओ अरुण कुमार, डीएसपी रंजन कुमार के नेतृत्व में बीडीओ आदित्य दीक्षित, सीओ मंगला पांडेय, थाना अध्यक्ष विभा कुमारी सहित चप्पे चप्पे पर दण्डाधिकारी व पुलिस बल मुस्तैद दिखे। ड्रोन कैमरा से शिव बारात की निगरानी हो रही थी। एसडीओ व डीएसपी घोड़ सवारी कर सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे।

Editor's Picks