अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ा हादसा : दीवार गिरने से युवती गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित लोगों ने रोका काम
पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ा हदासा हो गया। बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक जर्जर दीवार अचानक गिर गई, जिसके मलबे के नीचे दबकर 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.....
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली-रक्सौल मुख्य मार्ग स्थित प्रखंड कार्यालय के समीप सोमवार को एनएचआई और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने के क्रम में एक जर्जर दीवार अचानक गिर गई, जिसके मलबे के नीचे दबकर 18 वर्षीय युवती लाडली खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल में कराया भर्ती, चिकित्सकों ने मोतिहारी किया रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से मलबे में दबी युवती को बाहर निकाला गया और अविलंब इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने युवती की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए मोतीहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद से घायल युवती के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व में जारी किया गया था नोटिस, कई लोगों ने खुद हटाया था अतिक्रमण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएचआई (NHAI) और अंचल प्रशासन द्वारा सुगौली-रक्सौल मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को खाली कराने की कार्रवाई की जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही खाली करने का नोटिस दिया जा चुका था। कई लोगों ने स्वतः ही अपनी दुकानें व निर्माण हटा लिए थे, जबकि शेष बचे अवैध निर्माणों को सोमवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया जा रहा था।
चालक पर बुलडोजर लेकर भागने का आरोप, उग्र लोगों ने रोका काम
घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद अतिक्रमण हटाने में लगा बुलडोजर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए एनएच पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोक दिया।
मौके पर मौजूद थे सीओ और पुलिस बल, जांच जारी
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर अंचलाधिकारी (CO) कुंदन कुमार, राजस्व अधिकारी (RO) राधेश्याम प्रसाद, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह तथा एनएचआई के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ तैनात थे। मामले की पुष्टि करते हुए सीओ कुंदन कुमार ने बताया कि नोटिस दिए जाने के बाद ही विधिक कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान दीवार गिरने से युवती घायल हो गई, जिसके बाद अभियान स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
हिमांशु की रिपोर्ट