पुलिस को बड़ी कामयाबी : 20 चोरी कांडों का पर्दाफाश, लाखों के आभूषण व हथियार के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार

मोतिहारी पुलिस ने गृहभेदन और चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए एक बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी और हथियार के साथ गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है....

मोतिहारी पुलिस को बड़ी कामयाबी - फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण पुलिस ने गृहभेदन और चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए एक बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पकड़ीदयाल डीएसपी चंदन कुमार और सदर डीएसपी-2 जितेश पांडेय के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने एक साथ 20 से अधिक चोरी कांडों का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने गिरोह के पास से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी, हथियार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।


वायरल वीडियो से खुला राज: पुलिस ने की अपराधियों की पहचान

मामले की जानकारी देते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सरकारी मोबाइल पर चोरी का एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो का सत्यापन करने पर पता चला कि यह घटना चोरमा और पकड़ीदयाल क्षेत्र में हुई चोरी से जुड़ी है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और वीडियो फुटेज के आधार पर समस्तीपुर और मोतिहारी में सक्रिय अपराधियों की पहचान की, जिसमें कुख्यात धर्मेंद्र साह, शंभू साह और पवन कुमार के नाम सामने आए।


मधुबनीघाट में छापेमारी: चोरी के आभूषण, दो कट्टे और नकद राशि बरामद

अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित छापेमारी दल ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मधुबनीघाट में दबिश देकर शंभू साह और धर्मेंद्र साह को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया और चोरी का सामान अपने घर व ससुराल में छिपाए जाने की बात बताई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो देशी कट्टे, कारतूस, नकदी, चोरी के गहने और मोटरसाइकिलें जब्त कीं।


संगठित होकर मोतिहारी और बेतिया में देते थे वारदातों को अंजाम

पुलिस पूछताछ में आरोपी धर्मेंद्र साह ने खुलासा किया कि उनका यह गिरोह संगठित होकर मोतिहारी, बेतिया, समस्तीपुर सहित कई जिलों में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार धर्मेंद्र साह पूर्व में समस्तीपुर से भी जेल जा चुका है। मामले में मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


तीन शातिर गिरफ्तार, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस ने मामले में तीन शातिर अपराधियों—शंभू साह (मूल निवासी समस्तीपुर), धर्मेंद्र साह (मूल निवासी समस्तीपुर) और पवन कुमार (निवासी जितना, पूर्वी चंपारण) को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गिरोह में शामिल अजय साह, बजरंग साह और वीरेंद्र साह सहित अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


हिमांशु की रिपोर्ट