मोतिहारी में नशे के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़: 12 हजार नशीली सुइयों के साथ दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार

Bihar News : बिहार की पूर्वी चंपारण पुलिस ने नशे के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा किया है। इस सिंडिकेट के तार नेपाल से जुड़े हुए है। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीली सुइयाों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है...

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले की रक्सौल थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मोतिहारी से काठमांडू तस्करी कर ले जाई जा रही 12 हजार नशीली सुइयों की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था। इस बड़ी बरामदगी ने सीमा पार सक्रिय नशे के एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया है।


 
लग्जरी कार के तहखाने से बरामद हुई खेप 

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रक्सौल थाना क्षेत्र के महदेवा सैनिक रोड पर नाकेबंदी की गई थी। सहायक पुलिस अधीक्षक सह रक्सौल थानाध्यक्ष हेमंत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने एक संदिग्ध मारुति सुजुकी कार को रोका। तलाशी के दौरान कार के भीतर विशेष रूप से बनाए गए तहखाने से 80 काले रंग के पॉलीथिन बैग मिले। इन बैगों से भारी मात्रा में नशीली सुइयां (Phenargan, NOOPHIN और DIZA Amp) बरामद की गईं, जिनकी कुल संख्या 12,000 बताई जा रही है।


नेपाल के दो कुख्यात तस्कर दबोचे गए 

पुलिस ने इस मामले में मौके से दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नेपाल के जिला बारा (कलैया) निवासी वकील ठाकुर और जिला पर्सा (वीरगंज) निवासी पुरण ठाकुर के रूप में हुई है। पूछताछ में इन तस्करों ने स्वीकार किया कि वे नशीली सुइयों की इस खेप को मोतिहारी से काठमांडू पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस ने तस्करों के पास से मोबाइल फोन और कार को विधिवत जब्त कर लिया है और रक्सौल थाना कांड संख्या 198/26 के तहत मामला दर्ज किया है।


मोतिहारी से काठमांडू तक फैला है नेटवर्क 

गिरफ्तार तस्करों से हुई प्रारंभिक पूछताछ में नशे के कारोबार के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है, जिसके तार मोतिहारी से लेकर काठमांडू तक जुड़े हैं। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों के मोबाइल का सीडीआर (Call Detail Record) खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं और सफेदपोश मददगारों तक पहुँचा जा सके। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस इस अवैध कारोबार की पूरी चेन को ध्वस्त करने के लिए कड़ाई से जांच कर रही है।


पुलिस टीम की सक्रियता से मची खलबली 

इस सफल छापेमारी में एएसपी हेमंत सिंह के साथ डीएसपी रक्सौल मनीष आनंद और पु०अ०नि० कृष्णमुरारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों के तस्करों में हड़कंप मच गया है। जिले में लगातार जारी 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, जिससे युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वाले गिरोह पर करारी चोट पहुँची है।


हिमांशु की रिपोर्ट