मोतिहारी में पुलिस की बड़ी लापरवाही, ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया चोर थाने से फरार

मोतिहारी जिले से पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस थाने के थाना प्रभारी को एक दिन पहले ही कार्य मे लापरवाही के आरोप में सस्पेंड किया गया था, उसी थाने से शुक्रवार को एक चोर फरार हो गया....

थाना से चोर फरार- फोटो : हिमांशु

Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती आदापुर थाने से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने वाली खबर सामने आई है। ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया एक शातिर चोर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने की कस्टडी (हाजत) से फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों में पुलिस की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।


ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर किया था पुलिस के हवाले

मिली जानकारी के अनुसार, आदापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में चोरी की नीयत से घुसे एक चोर को ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए चोर को आदापुर पुलिस के हवाले कर दिया।


पूछताछ में खुला था सिंडिकेटदूसरा चोर भी हुआ था गिरफ्तार

थाने लाए जाने के बाद जब पुलिस ने पकड़े गए चोर से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने पूरे चोरी के सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया। उसकी निशानदेही पर आदापुर पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए उसके एक अन्य साथी (दूसरे शातिर चोर) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों के खिलाफ कागजी कार्रवाई और केस डायरी तैयार करने में जुटी थी।


सुबह के वक्त मौका पाकर हुआ रफूचक्कर

इसी बीच, शुक्रवार तड़के जब थाने में सुरक्षा व्यवस्था ढीली थी, गिरफ्तार चोरों में से एक पुलिस कर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाकर चकमा देते हुए थाना परिसर से फरार हो गया। घटना के बाद आदापुर थाना पुलिस भागे हुए चोर की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


एक दिन पहले ही थानाध्यक्ष हुई थीं निलंबित

उल्लेखनीय है कि आदापुर थाने में पुलिस प्रशासन की स्थिति पहले से ही सवालों के घेरे में है। बीते दिन ही चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को निलंबित (Suspend) कर दिया था। इसके अगले ही दिन थाने से हिरासत में बंद चोर के फरार हो जाने से पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


हिमांशु की रिपोर्ट