मोतिहारी में खूनी खेल: आदापुर में व्यवसायी को गोली मारकर लूटे रुपये, एसपी ने बनाई SIT टीम
पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।मंगलवार देर शाम लाला छपरा चौक के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया
पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार देर शाम लाला छपरा चौक के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल व्यवसायी की पहचान श्यामपुर बाजार निवासी विजय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। घटना उस वक्त हुई जब विजय कुमार अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
रुपये लूटने की चर्चा, स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुँचाया
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अपराधियों का मुख्य उद्देश्य लूटपाट था। चर्चा है कि गोली मारने के बाद अपराधियों ने व्यवसायी से बड़ी मात्रा में कैश लूट लिया और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने लहूलुहान अवस्था में विजय कुमार को तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद आदापुर के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
SP स्वर्ण प्रभात का एक्शन: SIT गठित, छापेमारी तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए SIT (विशेष जांच दल) का गठन कर दिया है। रक्सौल एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी ने दावा किया है कि बहुत जल्द अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, सुरक्षा की मांग
मुख्य बाजार के नजदीक हुई इस वारदात के बाद स्थानीय पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि शाम के वक्त अपराधियों ने जिस तरह बेखौफ होकर गोलीबारी और लूट की, वह पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। श्यामपुर और आदापुर के स्थानीय निवासियों ने व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट