बिहार का काशी: सोमेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पानी, स्वास्थ्य और पार्किंग के विशेष इंतजाम, मोतिहारी DM-SP ने किया निरीक्षण
मोतिहारी के प्रसिद्ध अरेराज सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारियों का डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने निरीक्षण किया।केडिया धर्मशाला से अतिक्रमण हटाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
बिहार के काशी के रूप में प्रसिद्ध अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले एक माह लंबे श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेने मोतिहारी के जिलाधिकारी (DM) सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात बुधवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। इस दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पूरे मेला क्षेत्र और पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संवेदक को कार्यों में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
केडिया धर्मशाला से अतिक्रमण हटाने और बैरिकेडिंग का सख्त अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए अंचलाधिकारी (CO), कार्यपालक पदाधिकारी (EO) और स्थानीय थाना अध्यक्ष को एक सप्ताह के भीतर केडिया धर्मशाला के आसपास से हर प्रकार का अतिक्रमण हटाने का सख्त अल्टीमेटम दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए पूरे रूट पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। बता दें कि श्रावण मास के दौरान विशेषकर सोमवारी, शुक्रवारी और त्रयोदशी पर बाबा सोमेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए यहां लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य और यातायात के विशेष इंतजाम
डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि मेले में आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिजली-प्रकाश, शुद्ध पेयजल, सुलभ यातायात, साफ-सफाई और पुख्ता स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होने वाले अधिकारियों से कहा कि वे इसे केवल प्रशासनिक ड्यूटी न समझें, बल्कि सेवा भाव से कार्य करें। पूरे मेला क्षेत्र में मेडिकल टीमों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जिनके पास सभी जरूरी जीवन रक्षक दवाएं और एम्बुलेंस की चौबीसों घंटे उपलब्धता रहेगी। साथ ही, वाहनों की अव्यवस्थित कतारों को रोकने के लिए पार्किंग स्थल भी चिह्नित कर लिए गए हैं।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी सीसीटीवी की नजर, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने निर्देश दिया कि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस किया जाए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और वॉलिंटियर्स की मुस्तैदी रहेगी। इसके अलावा, एक केंद्रीय सूचना केंद्र भी बनाया जाएगा, जहां से हर जरूरी अनाउंसमेंट होगी और किसी भी आपत्तिजनक वस्तु के दिखने पर तुरंत वरीय अधिकारियों को अलर्ट किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम अंजलि शर्मा, डीएसपी रंजन कुमार और मंदिर के महंत महामंडलेश्वर रविशंकर गिरी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्ट - हिमांशु