Motihari Crime News: चिरैया में SBI के CSP संचालक को गोली मारकर 4 लाख की लूट, CCTV खंगाल रही पुलिस

मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने एसबीआई (SBI) के सीएसपी संचालक मुकेश कुमार को गोली मारकर 4 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। गंभीर हालत में संचालक का इलाज जारी है।पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ।

मोतिहारी चिरैया सीएसपी संचालक को गोली मार 4 लाख लुटे - फोटो : Reporter

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के चिरैया थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक सीएसपी (CSP) संचालक को गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल संचालक को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।


बैंक से पीछा कर बगीचे के पास मारी गोली

घायल सीएसपी संचालक की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महुआही मुर्शिदाबाद निवासी बृजलाल साह के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो वर्षों से भेलवा बाजार पर सीएसपी चलाते हैं। वह बगहा गांव स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से रुपये निकालकर वापस अपने केंद्र लौट रहे थे। इसी दौरान दीपही और बगहा गांव के बीच बगीचे के पास पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और बांह में गोली मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।


बैग में थे 4 लाख रुपये, हथियार लहराते भागे अपराधी

बताया जा रहा है कि लूटे गए बैग में करीब 4 लाख रुपये नकद मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नकाबपोश अपराधी हाथ में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से दीपही शेख टोली की ओर फरार हो गए। इस घटना से पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं आसपास के पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।


दो साल पहले भी सीएसपी में हो चुकी है लूट

पीड़ित परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, सीएसपी संचालक मुकेश कुमार के साथ इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी करीब दो साल पूर्व बेखौफ अपराधियों ने उनके सीएसपी केंद्र में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश है।


पुलिस टीम ने शुरू की जांच, मौके से मिला खोखा

घटना की सूचना मिलते ही सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार और चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, जहां से एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस की टीम प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान से जुड़ी अहम जानकारी जुटा रही है।


सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी

मामले पर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि घायल संचालक की स्थिति स्थिर होने पर उनसे विस्तृत बातचीत की जाएगी, जिसके बाद ही लूटी गई राशि के सटीक आंकड़े का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट