Bihar road accident: मोतिहारी सिविल सर्जन की गाड़ी हादसे का शिकार, सिर में गंभीर चोट, हालत गंभीर,सहायक भी जख्मी
Bihar road accident:मोतिहारी सिविल सर्जन की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई है...
Motihari के सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिससे स्वास्थ्य महकमे में अफरातफरी मच गई। यह हादसा मुजफ्फरपुर के मोतीपुर के पास नेशनल हाईवे पर उस वक्त हुआ, जब वे पटना से मीटिंग कर लौट रहे थे। तेज रफ्तार के बीच अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को अलर्ट मोड में ला दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में डॉ. दिलीप कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है और उनके सिर फटने की बात सामने आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें मोतीपुर स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फौरन स्टिच लगाकर प्राथमिक इलाज किया। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गाड़ी में उस वक्त सिविल सर्जन के साथ एक सहायक और ड्राइवर भी मौजूद थे। हादसे में सहायक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि ड्राइवर सुरक्षित बताया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधक कौशल किशोर दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी को तत्काल उपचार दिया गया और हालात अब नियंत्रण में हैं।
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी हरकत में आ गए। अस्पताल से लगातार संपर्क बनाकर स्थिति की अपडेट ली जा रही है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।
बता दें कि डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने फरवरी 2026 में ही पूर्वी चंपारण के सिविल सर्जन का पद संभाला था। ऐसे में उनके साथ हुई इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग में चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं क्या ये तेज रफ्तार का कहर था या फिर कोई और वजह, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार