Bihar News : मोतिहारी डीएम की बड़ी कार्रवाई, विकास कार्यों में ढिलाई पर अधिकारियों को लगाई फटकार, राशि खर्च नहीं करने पर जताई नाराजगी

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ जोरवाल ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से अरेराज अनुमंडल के चारों प्रखंडों के विकास कार्यों की सघन समीक्षा की। गंडक दियारा स्थित मिश्रौलिया पंचायत सरकार भवन में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में डीएम ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया और स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान डीएम ने अंचल और प्रखंड स्तर पर लंबित कार्यों की समीक्षा की। पहाड़पुर और हरसिद्धि अंचल में एलपीसी, परिमार्जन और दाखिल-खारिज का काम संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों (RO) को जमकर फटकार लगाई। वहीं, विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि खर्च नहीं करने पर अरेराज और संग्रामपुर के बीडीओ पर कड़ी नाराजगी जताई गई। आईसीडीएस (ICDS) कार्यों के निरीक्षण और टीएचआर (THR) वितरण में लापरवाही को लेकर अनुमंडल के चारों सीडीपीओ को भी चेतावनी दी गई।

प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए डीएम ने अरेराज एसडीओ को निर्देश दिया कि वे हर चार दिनों पर समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करें। बैठक में षष्ठम व पंद्रहवीं वित्त आयोग, ग्रामीण आवास योजना, पेयजल, मनरेगा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की रिपोर्ट तलब की गई। डीएम ने स्वयं खेल मैदान का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा बैठक का सबसे सकारात्मक पहलू मिश्रौलिया पंचायत के विकास कार्यों की सराहना रही। डीएम ने मिश्रौलिया पंचायत के मुखिया देशबंधु कुमार सिंह द्वारा कराए गए जल संचय और जनकल्याणकारी कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने जिले के अन्य सभी मुखियाओं को मिश्रौलिया मॉडल से सीख लेने और इसी तरह पंचायत का विकास करने की सलाह दी। विदित हो कि मुखिया देशबंधु कुमार सिंह को उनके कार्यों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

निरीक्षण के अंत में डीएम सौरभ जोरवाल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार और एसडीएम अंजली शर्मा ने मनरेगा से निर्मित बांध एवं छठ घाट का अवलोकन किया। इस दौरान पंचायत के गणमान्य नागरिकों सहित मुखिया देशबंधु कुमार सिंह, सरपंच संजय कुमार सिंह और कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। डीएम ने संदेश दिया कि ग्रामीण विकास की यह गति पूरे जिले में कायम रहनी चाहिए। 

हिमांशु की रिपोर्ट