मोतीहारी में उर्वरक कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: पटना से पहुंची उच्चस्तरीय टीम, ASO को लगाई जमकर फटकार
मोतीहारी के बंजरिया में उर्वरक कालाबाजारी के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई के बाद पटना कृषि विभाग की उच्चस्तरीय टीम ने सील गोदामों का निरीक्षण किया। निदेशक संतोष कुमार उत्तम के नेतृत्व में आई टीम ने मॉनिटरिंग में लापरवाही को लेकर ASO को जमकर फटकार लगाई।
पूर्वी चंपारण (मोतीहारी) के सदर अनुमंडल अंतर्गत बंजरिया में उर्वरक कालाबाजारी के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई के बाद पटना स्थित कृषि विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। महज दस दिनों के भीतर हुई चौथी बड़ी कार्रवाई के बाद विभाग के निर्देश पर तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति बंजरिया पहुंची। इस उच्चस्तरीय टीम ने पुलिस और प्रशासन द्वारा सील किए गए सभी अवैध खाद गोदामों का स्थल निरीक्षण किया और मामले की गहनता से पड़ताल की।
उच्चस्तरीय टीम ने सील गोदामों की गहनता से की जांच
बिहार सरकार के कृषि विभाग की पीपीएम (प्लांट प्रोटेक्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग) टीम ने शनिवार को बंजरिया प्रखंड का दौरा किया। पटना से आई इस टीम में अपर निदेशक (शस्य) सह निदेशक पीपीएम संतोष कुमार उत्तम, संयुक्त निदेशक राजीव कुमार और उप निदेशक अविनाश कुमार शामिल थे। टीम ने लक्ष्मण चौक स्थित 'मेसर्स मिथिलेश कुमार सुनील कुमार छौड़ादानो' के सील गोदाम तथा 'मेसर्स तरुण खाद बीज भंडार' के तीनों गोदामों (चांटी माई स्कूल के समीप, बंजरिया पोखरा और अंबिका नगर खेतान) का भौतिक सत्यापन किया।
मॉनिटरिंग में लापरवाही पर ASO को लगाई जमकर फटकार
निरीक्षण के दौरान बंजरिया क्षेत्र में उर्वरक वितरण और गोदामों की कमजोर मॉनिटरिंग को लेकर जांच टीम के उच्च अधिकारियों का रुख बेहद सख्त रहा। अधिकारियों ने पर्यवेक्षण में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) को सार्वजनिक रूप से जमकर फटकार लगाई। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) मृणाल शास्त्री, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (SAO) सुरेश प्रसाद और प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) अनामिका भारती सहित जिले के कई अन्य कृषि अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसडीओ की छापेमारी में जब्त हुआ था अवैध यूरिया का जखीरा
यह पूरा मामला 13 और 14 सितंबर को सदर एसडीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में हुई ताबड़तोड़ छापेमारी से जुड़ा है। छापेमारी के दौरान एक ट्रक पर लोड 650 बोरी यूरिया, तीन अवैध गोदामों से मिले हजारों बोरा खाद और भारी अनियमितताएं पकड़ी गई थीं। इसके बाद पुलिस ने गोदाम संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर गोदामों को सील कर दिया था। इस बड़ी बरामदगी के बाद से ही जिला प्रशासन से लेकर राजधानी पटना तक के कृषि विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
विभाग को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट, कई अफसरों पर लटकी कार्रवाई की तलवार
जांच समिति के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बंजरिया के सील गोदामों के निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इस रिपोर्ट के आधार पर जिले के कई जिम्मेदार कृषि अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गाज गिरना तय माना जा रहा है। कृषि विभाग का रुख साफ है कि उर्वरक कालाबाजारी और अवैध भंडारण के मामलों में लिप्त किसी भी दोषी या लापरवाह अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट