Bihar News: श्रद्धालुओं की राह में कंक्रीट का संकट, 10 माह से अधूरी सड़क पर विफरे अफसर, बोले- सरकार ने सिर्फ 2 करोड़ दिए
Bihar News: बिहार के काशी कहे जाने वाले मनोकामना पूरक सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर जाने वाले कांवड़ियों की राह मुश्किल होने वाली है।
Bihar News: मोतिहारी में अरेराज स्थित बिहार के काशी कहे जाने वाले मनोकामना पूरक सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर जाने वाले कांवड़ियों की राह मुश्किल होने वाली है। अनंत चतुर्दशी के मौके पर नेपाल समेत बिहार के विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु बागमती नदी के बेलवा घाट से जलभरी कर करीब 90 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। लेकिन जिस कांवरिया पथ से डाक बम और कांवरियों का हुजूम गुजरता है, वह पिछले करीब 10 माह से अधूरा पड़ा है।
मुख्यमंत्री संपर्क सड़क योजना के तहत अरेराज से फतुहा तक सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू कराया गया था। ठेकेदार ने करीब 10 माह पहले मशीन से सड़क उखाड़कर उसे कंक्रीटनुमा बना दिया, लेकिन इसके बाद काम की रफ्तार थम गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क खराब किए जाने के बाद रोजाना राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अब अनंत चतुर्दशी पर कंधे पर कांवर लेकर पैदल गुजरने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सामने भी परेशानी खड़ी होने की आशंका है।
बताया जाता है कि तत्कालीन जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के सख्त निर्देश के बाद ठेकेदार ने करीब एक किलोमीटर सड़क को ही मोटरेबल बनाया। शेष हिस्से में पत्थर बिछाकर रोलर चलाने के बाद काम छोड़ दिया गया।
मामले में पथ निर्माण विभाग के एसडीओ राजेश तिवारी ने ठेकेदार का पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार की ओर से राशि का भुगतान नहीं होने के कारण काम बंद है। अब तक ठेकेदार को महज दो करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। उन्होंने बताया कि पशुरामपुर से कांवरियों का रूट बदलने के लिए कैंप लगाया जाएगा।सवाल यह है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू हुई सड़क योजना ही अगर समय पर पूरी नहीं हुई तो लाखों डाक बम और कांवरियों को कंक्रीटनुमा रास्ते पर आखिर कितनी दुश्वारियां झेलनी पड़ेंगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार