हद हो गई! मोतीहारी में बेखौफ चोरों ने पलनवा थाना परिसर में खड़े जब्त ट्रक का खोला चक्का,चौकीदार का बेटा रंगेहाथ गिरफ्तार
मोतीहारी के पलनवा थाना परिसर में खड़े जब्त ट्रक का चक्का चुराते दो आरोपियों को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चौकीदार का पुत्र भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोतीहारी के पलनवा थाना परिसर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने थाने के अंदर ही हाथ साफ करने की कोशिश की। पलनवा पुलिस ने सजगता दिखाते हुए विभिन्न मामलों में जब्त कर खड़े किए गए एक ट्रक का चक्का चोरी कर रहे दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में से एक स्थानीय चौकीदार का ही पुत्र बताया जा रहा है। घटना शुक्रवार रात की है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एक चक्का खोल चुके थे चोर, दूसरे का बोल्ट खोलते ही जवानों ने दबोचा
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात दोनों आरोपी चुपके से थाना परिसर में दाखिल हुए और वहां खड़े जब्त ट्रक के चक्के खोलने लगे। चोरों ने बड़ी चालाकी से एक चक्का पूरी तरह खोल लिया था और दूसरे चक्के के आखिरी दो बोल्ट खोल ही रहे थे। इसी बीच गश्त और सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान की नजर उन पर पड़ गई। जवानों ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर ही धर दबोचा, जिससे चोरी की बड़ी वारदात टल गई।
घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, पूछताछ में जुटी पुलिस
थाना परिसर जैसी सुरक्षित जगह में घुसकर चोरी का प्रयास करने से अपराधियों के बुलंद हौसलों का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस घटना ने सीधे तौर पर थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की सतर्कता से माल सुरक्षित बच गया, लेकिन चौकीदार के बेटे की संलिप्तता सामने आने से पुलिस प्रशासन के अंदरूनी नेटवर्क और निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
थानाध्यक्ष का बयान: गिरोह और मंशा की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की पुष्टि करते हुए पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना परिसर से ट्रक का चक्का खोलते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी के प्रयास के पीछे क्या मंशा थी और क्या इसमें कोई बड़ा गिरोह या अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट