Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने लूट की योजना पर फेरा पानी, ओडिशा से आए 5 अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार, हथियार और चोरी की बाइक किया बरामद

Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने उड़ीसा से मोतीहारी पहुचकर बड़ी वारदात को अंजाम देने के पहले ही हथियार के साथ 5 कुख्यात अपराधियो को गिरफ्तार कर लिया है.......पढ़िए आगे

लूट की वारदात नाकाम - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी मुस्तैदी दिखाते हुए शहर में लूट की एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने ओडिशा से मोतिहारी पहुंचे 5 अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधियों को वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले हथियारों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया. गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ ओडिशा के अलग-अलग थानों में दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं. पुलिस अब अपराधियों से मिले इनपुट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर स्थित होटल सिटी इंटरनेशनल के पीछे कुछ संदिग्ध अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद तुरंत सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया. गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और पांचों शातिर अपराधियों को दबोच लिया.

पुलिस की इस सफल छापेमारी में अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस, चोरी की दो मोटरसाइकिलें, छह मोबाइल फोन, दो मास्टर चाबियां और दो नंबर प्लेट बरामद की गई हैं. एसपी ने बताया कि ये सभी अपराधी मोतिहारी शहर में लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए थे. गिरफ्तार अपराधियों में ओडिशा के गंजाम जिले के ओउल अजीज, डी गांधी, मकला दिलीप और जाजपुर जिले के जीतू राय प्रधान व किशोर प्रधान शामिल हैं.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच में से चार अपराधियों का ओडिशा में बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं. इनमें ओउल अजीज पर लूट व डकैती के 6 मामले, डी गांधी पर लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट के 7 मामले, मकला दिलीप पर डकैती व आर्म्स एक्ट के 2 मामले और जीतू प्रधान पर डकैती का 1 मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस इन अपराधियों को शरण देने वाले स्थानीय संरक्षकों और उनके अन्य मददगारों के सिंडिकेट का राज खुलवाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है.

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में सदर डीएसपी के अलावा छतौनी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, दारोगा अभिनव राज, अंकुल कुमार, मनीष कुमार और जिला आसूचना इकाई (DIU) की टीम शामिल थी. एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इतनी बड़ी साजिश का समय रहते पर्दाफाश करने और अपराधियों को दबोचने वाली इस विशेष टीम में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट और साहसिक कार्यशैली के लिए पुरस्कृत किया जाएगा.

हिमांशु की रिपोर्ट