Bihar News : नोट डबल करने वाले बड़े गिरोह का मोतिहारी पुलिस ने किया पर्दाफाश, बर्खास्त जवानों समेत नौ ठगों को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने नोट दोगुना करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है.......पढ़िए आगे

नोट दुगुना करनेवाला गिरोह - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण पुलिस ने नोट दोगुना करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के नौ शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार पुलिस का एक बर्खास्त BMP जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान भी शामिल हैं।

सदर SDPO जितेश पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। गिरोह लंबे समय से लोगों को पैसे दोगुना करने का झांसा देकर ठगी का शिकार बना रहा था। शिकार को झांसे में लेने और अपना विश्वास जमाने के लिए ये ठग 'चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया' लिखे जाली नोटों के बंडलों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 'चिल्ड्रेन बैंक' लिखे जाली नोट, 34 हजार रुपये असली नकद, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, पुलिस की कई वर्दियां तथा ठगी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। बरामद वर्दियों और हथियारों से आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लोगों पर रौब जमाने और खुद को असली पुलिसकर्मी बताकर डराने-धमकाने के लिए भी इनका इस्तेमाल करते थे।

गिरफ्तार नौ आरोपियों में से दो आरोपी भोजपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि अन्य सात आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बंसमन गांव के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार ठगों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों से करोड़ों की ठगी की है और इनके तार किन-किन अन्य जिलों या नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

हिमांशु की रिपोर्ट