Bihar Crime : मोतिहारी पुलिस ने ढाबे की आड़ में चल रहे ड्रग्स तस्करी का किया भंडाफोड़, 56 किलो डोडा और अफीम के साथ दो को हिरासत में लिया

Bihar Crime :मोतिहारी पुलिस ने ढाबा के आड़ में चल रहे मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। एसपी के नेतृत्व में कोटवा पुलिस ने छपेमारी कर 56 किलो डोडा और अफीम बरामद किया है।

50 लाख का मादक पदार्थ बरामद - फोटो : HIMANSHU

Motihari : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता सामने आई है। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश और नेतृत्व में पुलिस ने कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक के पास स्थित एक ढाबे पर छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे नशीले पदार्थों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ 'डोडा' और 'अफीम' बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद से नेशनल हाईवे के किनारे लाइन होटलों और ढाबों की आड़ में अवैध धंधा करने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

अजीत सिंह के ढाबे पर एसपी के नेतृत्व में आधी रात छापा

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस को एक बेहद पुख्ता और गोपनीय सूचना मिली थी कि कोटवा थाना अंतर्गत कदम चौक के समीप संचालित 'अजीत सिंह के ढाबे' में खाने-पीने की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध जमाखोरी और अंतरराज्यीय तस्करी का खेल खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के स्वयं के नेतृत्व में कोटवा थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पूरी रणनीति के तहत उक्त ढाबे की घेराबंदी कर अचानक सघन छापेमारी शुरू कर दी।

56 किलो मादक पदार्थ जब्त, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ₹50 लाख से अधिक कीमत

पुलिस टीम ने जब ढाबे के अंदर और उसके गोदाम नुमा कमरों की गहन तलाशी ली, तो वहां छिपाकर रखे गए कई पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर उसमें से कुल 56 किलोग्राम डोडा और अफीम बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से भी अधिक आंकी जा रही है। तस्करों ने इसे बेहद शातिर तरीके से ढाबे के पिछले हिस्से में स्टॉक कर रखा था, ताकि इसे अन्य राज्यों या स्थानीय तस्करों को डिलीवर किया जा सके।

दो लोग हिरासत में, होटल मालिक का पुराना है आपराधिक इतिहास

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच और पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संबंधित ढाबा मालिक का इतिहास भी बेदाग नहीं रहा है। उस पर पूर्व से ही मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध धंधों में संलिप्त रहने के कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ियों को जोड़ रही है कि यह खेप कहां से मंगाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।

हाईवे के लाइन होटलों और ढाबों पर बढ़ेगी पुलिस की नजर

मोतिहारी पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद एनएच के किनारे चलने वाले अन्य लाइन होटलों और ढाबा संचालकों के बीच हड़कंप की स्थिति है। कोटवा पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तमाम संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिमांशु की रिपोर्ट